बुलंदशहर
जनपद बुलंदशहर में मेरा युवा भारत बुलन्दशहर द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें युवाओं को खाद्यान्न भंडारण, गुणवत्ता परीक्षण सहित अन्य जानकारी दी गई। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

मेरा युवा भारत द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में युवाओं को सामाजिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं से जोड़ने के उद्देश्य से सार्वजनिक वितरण प्रणाली अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला खाद्य एवं रसद विभाग, बुलन्दशहर के सहयोग से सार्वजनिक वितरण प्रणाली विषय पर आयोजित किया गया, जिसके अंतर्गत युवाओं को खाद्यान्न भंडारण, गुणवत्ता परीक्षण प्रक्रिया तथा जनहितकारी व्यवस्थाओं की व्यवहारिक जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागी युवाओं को नवीन मंडी का भ्रमण कराया गया, साथ ही भारतीय खाद्य निगम के गुणवत्ता अधिकारी सिद्धार्थ सिंह तथा तकनीकी सहायक विकास कुमार द्वारा खाद्यान्न गुणवत्ता परीक्षण, सरकारी क्रय प्रक्रिया एवं सुरक्षित भंडारण व्यवस्था के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि किसानों से क्रय किए गए खाद्यान्न की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप परीक्षण उपरांत सुरक्षित रूप से भंडारित कर आमजन तक पहुंचाई जाती है।
इस अवसर पर पूर्ति निरीक्षक अविनाश कुमार द्वारा युवाओं को सार्वजनिक वितरण प्रणाली की कार्यप्रणाली, राशन वितरण व्यवस्था, डिजिटल अभिलेख प्रणाली तथा पारदर्शिता बनाए रखने के महत्व के संबंध में जानकारी दी गई। वहीं केंद्रीय भंडारण निगम के प्रतिनिधि दीपक कुमार द्वारा भंडारण व्यवस्था, खाद्यान्न सुरक्षा, फ्यूमिगेशन प्रक्रिया तथा जनहित से संबंधित व्यवस्थाओं पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने कहा कि युवा समाज एवं प्रशासन के मध्य सशक्त सेतु के रूप में कार्य कर सकते हैं तथा आमजन तक सही एवं उपयोगी जानकारी पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान युवाओं को किसान पंजीकरण प्रक्रिया, ऑनलाइन
व्यवस्था, क्रय केन्द्र संचालन, गुणवत्ता परीक्षण, तौल प्रक्रिया, पैकेजिंग व्यवस्था, डिजिटल अभिलेख प्रबंधन, भंडारण प्रणाली तथा परिवहन संबंधी प्रक्रियाओं की व्यवहारिक जानकारी भी प्रदान की गई। प्रतिभागियों द्वारा लाभार्थियों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें राशन कार्ड, आधार एवं मोबाइल नंबर अद्यतन कराने, डिजिटल सेवाओं तथा शिकायत निवारण प्रणाली के संबंध में जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपनिदेशक आकर्ष दीक्षित द्वारा कहा गया कि इस प्रकार के अनुभवात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक एवं व्यवहारिक जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार, जागरूक एवं संवेदनशील नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं समाजोपयोगी बताया।
कार्यक्रम में नवीन कुमार, रोबिन कुमार, मोंटी, प्रशांत, दीपक कुमार एवं अंशुल सहित अन्य युवाओं की सक्रिय सहभागिता रही।
Voice Of News 24






















