बुलंदशहर: मेवात का शातिर वाहन चोर गिरफ्तार; सिकंदराबाद पुलिस ने बरामद किया चोरी का आयशर कैन्टर और अवैध असलहा

सिकंदराबाद

बुलंदशहर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सिकंदराबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ न्यूज़ 24 की ख़ास रिपोर्ट।

बुलंदशहर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सिकंदराबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हरियाणा के मेवात क्षेत्र के एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का आयशर कैन्टर और अवैध हथियार बरामद किया है।

तिलबेगमपुर बम्बे की पटरी से हुई गिरफ्तारी

जानकारी के अनुसार, 11/12 मई की रात्रि में मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर थाना सिकंदराबाद पुलिस ने तिलबेगमपुर वाले बम्बे की पटरी पर घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से एक संदिग्ध को दबोचा, जिसकी पहचान कमाल पुत्र इदरीश, निवासी मेवला किरंज (मेवात), जनपद नूह, हरियाणा के रूप में हुई है।

बरामदगी का विवरण

गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने बरामदगी की है 10 मई को सिकंदराबाद क्षेत्र से चोरी किया गया एक आयशर कैन्टर,01 अवैध तमंचा और 01 जिंदा कारतूस।

शातिर अपराधी का लंबा इतिहास

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त कमाल एक पेशेवर वाहन चोर है। उसने पूछताछ में स्वीकार किया कि 10 मई को उसने सिकंदराबाद से कैन्टर चोरी करने की घटना को अंजाम दिया था, जिसके संबंध में पहले से ही मु0अ0सं0 427/26 पंजीकृत था। अभियुक्त पर पूर्व में भी आगरा, मथुरा और बुलंदशहर के विभिन्न थानों में चोरी और एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं।

कानूनी कार्यवाही

पुलिस ने इस मामले में अभियुक्त के विरुद्ध मु0अ0सं0 431/26 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत नया मामला पंजीकृत किया है। चोरी की धारा 303(2) बीएनएस के साथ-साथ आर्म्स एक्ट में कार्यवाही करते हुए अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा रहा है।

Voice Of News 24