सिद्धार्थनगर: उसका बाजार में ‘सर्वाइकल कैंसर’ के खिलाफ महाअभियान; 25 बालिकाओं का हुआ सफल टीकाकरण

सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर जनपद के उसका बाजार महिलाओं में तेजी से बढ़ रहे गर्भाशय के कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद के उसका बाजार महिलाओं में तेजी से बढ़ रहे गर्भाशय के कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उसका बाजार में अधीक्षक डॉ. एस.के. पटेल के नेतृत्व में गुरुवार को विशेष टीकाकरण अभियान चलाया गया। इस दौरान 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन की खुराक दी गई।

कैंसर से सुरक्षा का कवच: एचपीवी वैक्सीन

ह्यूमन पैपिलोमा वायरस से होने वाले सर्वाइकल कैंसर को रोकने के लिए यह टीका अत्यंत प्रभावी माना जाता है। अभियान के पहले दिन एचवी पूनम शर्मा द्वारा लगभग 25 बालिकाओं का टीकाकरण किया गया, जिनमें नंदिनी, ज्योति और रेशमा जैसी बालिकाएं शामिल रहीं।

टीकाकरण से जुड़ी मुख्य बातें

पात्रता: यह टीका केवल उन बालिकाओं को लगाया जा रहा है जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है और अभी 15 वर्ष की नहीं हुई हैं।

विधि: टीके की एक खुराक बाएं हाथ की ऊपरी बांह (मांसपेशी) में लगाई जाती है।

उपलब्धता: अगले तीन महीनों तक यह टीका केवल कोल्ड चेन पॉइंट्स पर उपलब्ध रहेगा, जिसके बाद इसे नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल कर लिया जाएगा।

सीएचसी को मिली नई सौगात: 6 लाख की अत्याधुनिक जांच मशीन

स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लगभग 5 से 6 लाख रुपये की लागत से एक नई तकनीकी मशीन स्थापित की गई है। इस अत्याधुनिक मशीन के जरिए अब स्थानीय स्तर पर ही लिवर, किडनी और अन्य महत्वपूर्ण अंगों की सटीक जांच संभव हो सकेगी। इससे मरीजों को जिला अस्पताल या निजी लैब के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

इस अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम मुस्तैद रही। कार्यक्रम में अधीक्षक डॉ. एस.के. पटेल के साथ एचईओ अशोक कुमार, बीपीएम मनीष पांडे, सीजीपीएम कृष्ण मोहन पांडे, एचवी सोना, उर्मिला, एएनएम इस्रावती जयसवाल, आशा संगिनी तारा देवी, माया सिंह और आशा जगदंबा सहित कई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।अधीक्षक डॉ. एस.के. पटेल ने अपील की है कि क्षेत्र के अभिभावक अपनी बेटियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए इस टीकाकरण अभियान का लाभ जरूर उठाएं।

 

Voice Of News 24