महराजगंज: फरेंदा में दर्दनाक सड़क हादसा; दवा कराने जा रही महिला को चार ट्रकों ने रौंदा, मौके पर ही मौत

फरेंदा

महराजगंज जनपद के फरेंदा थाना क्षेत्र के महाराजगंज तिराहे के समीप आज गुरुवार सुबह एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के फरेंदा थाना क्षेत्र के महाराजगंज तिराहे के समीप आज गुरुवार सुबह एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है। पुलिस चौकी के बिल्कुल पास हुए इस एक्सीडेंट में एक 45 वर्षीय महिला की बेहद दर्दनाक तरीके से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों की रूह कांप गई।

दवा कराने जा रही थी महिला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक महिला की पहचान विमला देवी (45), पत्नी स्वर्गीय छेदी यादव, निवासी वार्ड नंबर 2 कल्याणपुरम (टोला जगदीशपुर), थाना फरेंदा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विमला देवी सुबह करीब 5:30 बजे अपने पुत्र के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर दवा कराने जा रही थीं।

एक के बाद एक चार ट्रकों ने कुचला

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महाराजगंज तिराहे के पास बाइक सवार मां-बेटे हादसे का शिकार हो गए। गिरते ही महिला सड़क के बीचों-बीच आ गई, जिसके बाद वहां से गुजर रहे चार ट्रकों ने बारी-बारी से महिला को कुचल दिया। इस भयावह मंजर में महिला का शव पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। चमत्कारिक रूप से इस हादसे में महिला का पुत्र पूरी तरह सुरक्षित है, जिसे खरोंच तक नहीं आई है।

पुलिस ने कब्जे में लिया शव

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तत्काल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने सड़क पर बिखरे शव के अवशेषों को समेटकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। सुबह-सुबह हुई इस वीभत्स घटना से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

Voice Of News 24