बुलंदशहर: नेशनल हाईवे-34 पर ताबड़तोड़ फायरिंग से थर्राया सिकंदराबाद; होटल के बाहर दो युवकों को मारी गोली, हालत गंभीर

सिकंदराबाद

बुलंदशहर जनपद के थाना सिकंदराबाद क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे-34 पर स्थित ‘कैप्टन होटल एंड रेस्टोरेंट’ के बाहर बुधवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अज्ञात हमलावरों ने दो युवकों पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के थाना सिकंदराबाद क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे-34 पर स्थित ‘कैप्टन होटल एंड रेस्टोरेंट’ के बाहर बुधवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अज्ञात हमलावरों ने दो युवकों पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। इस हमले में प्रशांत यादव उर्फ पीकू और उसका साथी रॉबिन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों को नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

सीसीटीवी की जद से बाहर निकलते ही किया हमला

जानकारी के अनुसार, प्रशांत यादव अपने साथियों के साथ होटल के अंदर मौजूद था। तभी उसे एक फोन कॉल आया और वह रॉबिन के साथ बाहर निकला। बताया जा रहा है कि यश भाटी नामक युवक ने उन्हें बाहर बुलाया था। जैसे ही दोनों युवक होटल परिसर से थोड़ा आगे बढ़कर सीसीटीवी कैमरों की रेंज से बाहर निकले, वहां पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी।

होटल में मची अफरा-तफरी, शीशे टूटे

जान बचाने के लिए भाग रहे युवकों पर हमलावरों ने होटल की दिशा में भी गोलियां चलाईं। एक गोली होटल के मुख्य द्वार के शीशे में जा लगी, जिससे अंदर मौजूद ग्राहकों और कर्मचारियों में दहशत फैल गई। घायल प्रशांत गेट के पास ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा, जबकि हमलावर मौके से फरार होने में कामयाब रहे।

दोस्ती से दुश्मनी तक: आरोपियों और घायलों का पुराना इतिहास

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यश भाटी और प्रिंस खटाना के नाम मुख्य आरोपियों के तौर पर सामने आए हैं। सबसे चौंकाने वाला तथ्य यह है कि घायल और हमलावर कभी आपस में गहरे दोस्त थे और कई आपराधिक मामलों में सह-अभियुक्त रहे हैं। पुलिस इस घटना को पुरानी रंजिश या गैंगवार से जोड़कर देख रही है, क्योंकि दोनों पक्षों पर हत्या, लूट और गैंगस्टर एक्ट जैसे दर्जनों मामले दर्ज हैं।

पुलिस की कार्रवाई: 5 टीमों का गठन

वारदात की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजेय और सीओ सिकंदराबाद भास्कर कुमार मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खोखे और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं।आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 5 टीमें गठित की गई हैं।हाईवे और आसपास के क्षेत्रों में तनाव को देखते हुए पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है।क्षेत्रीय लोगों ने हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता करने और अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

 

Voice Of News 24

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.