शर्मनाक: शिकारपुर CHC बना जंग का अखाड़ा, रक्षक बना भक्षक; गार्ड ने मरीज और तीमारदारों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा

बुलंदशहर

बुलंदशहर जनपद के शिकारपुर नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सुरक्षा में तैनात एक गार्ड ने अपनी मर्यादा भूलकर मरीजों और तीमारदारों के साथ जमकर बदतमीजी और मारपीट की। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के शिकारपुर नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सुरक्षा में तैनात एक गार्ड ने अपनी मर्यादा भूलकर मरीजों और तीमारदारों के साथ जमकर बदतमीजी और मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने मामले का संज्ञान लिया है।

मामूली बात पर चले लाठी-डंडे, मची भगदड़

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अस्पताल में इलाज कराने आए मरीजों के साथ सुरक्षा गार्ड ने मामूली बात पर विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि गार्ड ने सरेआम भद्दी-भद्दी गालियां देनी शुरू कर दीं। विरोध करने पर गार्ड ने लाठी-डंडों से तीमारदारों पर हमला बोल दिया। अस्पताल परिसर में अचानक हुई इस मारपीट से वहाँ मौजूद महिलाओं और बच्चों में दहशत फैल गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

अस्पताल प्रशासन पर उठे सवाल

पीड़ित मरीजों का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन की ढिलाई के कारण ही सुरक्षाकर्मियों के हौसले बुलंद हैं। जिस गार्ड को सुरक्षा के लिए रखा गया था, वही मरीजों को प्रताड़ित कर रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासनिक जवाबदेही पर सवाल उठाते हुए आरोपी गार्ड के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस और विभाग की कार्रवाई

वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय पुलिस जांच में जुट गई है। इस संबंध में जब जिला चिकित्सा अधिकारी (CMO) सुनील दोहरे से बात की गई, तो उन्होंने मामले को बेहद गंभीर बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और दोषी गार्ड के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

देखना यह होगा कि विभाग इस अमानवीय व्यवहार पर क्या ठोस कदम उठाता है, ताकि भविष्य में सरकारी अस्पतालों में मरीजों को इलाज के बदले लाठी-डंडे न खाने पड़ें।

 

Voice Of News 24