बड़ौत: 10 मई को सजेगा ‘सनातन प्रहरी सम्मान समारोह’; 551 पुजारी, आचार्य और पत्रकार होंगे सम्मानित

बड़ौत

बागपत जनपद में सनातन धर्म की रक्षा करने वालों और समाज को नई दिशा देने वाले प्रहरियों के सम्मान में आगामी 10 मई को बड़ौत में एक ऐतिहासिक कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बागपत जनपद में सनातन धर्म की रक्षा करने वालों और समाज को नई दिशा देने वाले प्रहरियों के सम्मान में आगामी 10 मई को बड़ौत में एक ऐतिहासिक कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है। गुरुवार को नगर के नमन होटल में राष्ट्रीय जागरूक ब्राह्मण महासंघ द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित आरडी शर्मा ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा की।

सनातन धर्म के रक्षकों का सम्मान हमारा कर्तव्य

प्रेस को संबोधित करते हुए पंडित आरडी शर्मा ने बताया कि 10 मई को दिल्ली-सहारनपुर रोड स्थित अमर बैंकट हॉल में ‘सनातन प्रहरी सम्मान समारोह’ का आयोजन होगा।

किन्हें मिलेगा सम्मान: जनपद बागपत के विभिन्न क्षेत्रों से चयनित 551 मंदिर के पुजारी, गुरुकुल के विद्यार्थी, विद्वान आचार्य, निर्भीक पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता सम्मानित किए जाएंगे।

आरडी शर्मा ने कहा कि हमारी संस्था केवल धार्मिक ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी अग्रणी है। हम मेधावी छात्रों, महिला सशक्तिकरण के लिए कार्य करने वाली बहनों और स्वच्छ भारत मिशन के सफाई मित्रों को भी समय-समय पर सम्मानित करते हैं। साथ ही गरीब परिवार की बेटियों की शादी और उच्च शिक्षा (BA, BSc, BCom, BBA) में निशुल्क सहायता प्रदान करना हमारी प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक लोकेश दीक्षित और भारतीय जनता पार्टी के बागपत जिला अध्यक्ष नीरज शर्मा शिरकत करेंगे। संस्था के जिला अध्यक्ष अशोक शर्मा ने बताया कि जिले के सभी गांवों और कस्बों में निमंत्रण भेजे जा चुके हैं और कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

महिला और युवा विंग ने संभाली कमान

जिला अध्यक्ष आरती शर्मा ने बताया कि सभी बहनें धर्म रक्षकों के स्वागत के लिए उत्साहित हैं। प्रदेश महासचिव रेनू शर्मा अपनी टीम के साथ अतिथियों के सत्कार की व्यवस्था देख रही हैं।

व्यवस्था में कोई कमी न रहे और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो, इसके लिए युवा विंग के जिला अध्यक्ष एडवोकेट विजय शर्मा अपनी पूरी टीम के साथ सुरक्षा और अनुशासन का जिम्मा संभाल रहे हैं।

संस्था के प्रदेश अध्यक्ष पंडित अमरेश शर्मा और राष्ट्रीय महासचिव पंडित आदेश फौजी ने संयुक्त रूप से कहा कि यह बागपत का एक ऐतिहासिक कार्यक्रम होगा। इसके माध्यम से समाज में यह संदेश देना है कि हमें अपने धर्म और संस्कृति के रक्षकों का सदैव सम्मान करना चाहिए।

प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से प्रदेश महासचिव बी.एल. गौतम, श्याम बाबू मिश्रा, राजीव शर्मा, वर्षा शर्मा, मुनीश शर्मा और सुनील शर्मा सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

Voice Of News 24