सिद्धार्थनगर: कोटेदार सोनम का कोटा निलंबित, 120 कुंतल खाद्यान्न ‘गायब’ होने पर कानूनी कार्रवाई की तैयारी

बर्डपुर

सिद्धार्थनगर जिले के बर्डपुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत भगवानपुर में सरकारी कोटे की दुकान पर राशन वितरण में भारी अनियमितता का मामला सामने आया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जिले के बर्डपुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत भगवानपुर में सरकारी कोटे की दुकान पर राशन वितरण में भारी अनियमितता का मामला सामने आया है। कार्ड धारकों को राशन कम देने की शिकायत की पुष्टि होने पर जिला पूर्ति अधिकारी ने कोटेदार का अनुबंध निलंबित कर दिया है। अब निलंबित कोटेदार पर 120 कुंतल खाद्यान्न उपलब्ध न कराने का भी गंभीर आरोप लगा है।

जांच में खुली धांधली की पोल

भगवानपुर ग्राम पंचायत के कार्ड धारकों ने कोटेदार सोनम के खिलाफ निर्धारित मात्रा से कम राशन देने की लगातार शिकायतें की थीं। शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक, बर्डपुर ने 23 अप्रैल को मौके पर जाकर औचक निरीक्षण किया। कार्ड धारकों के लिखित बयानों और जांच में अनियमितताएं सही पाए जाने के बाद, जिला पूर्ति अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से दुकान का अनुबंध पत्र निलंबित कर दिया।

संबद्ध दुकान को नहीं मिला 120 कुंतल राशन

निलंबन के बाद, भगवानपुर का कोटा बर्डपुर नंबर 5 की उचित दर विक्रेता कंचन से संबद्ध (Link) कर दिया गया। लेकिन अब एक नया विवाद खड़ा हो गया है। नई कोटेदार कंचन देवी ने विभाग को पत्र लिखकर अवगत कराया है कि निलंबित कोटेदार सोनम द्वारा उन्हें 120 कुंतल खाद्यान्न उपलब्ध नहीं कराया गया है। राशन न मिलने के कारण लाभार्थियों के बीच वितरण कार्य ठप होने की कगार पर है।

इस मामले में जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि

आरोपी कोटेदार सोनम को अपना पक्ष रखने के लिए 15 दिन का समय देते हुए लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है।

खाद्यान्न कम उपलब्ध कराने के सवाल पर उन्होंने कहा कि फिलहाल ऐसी कोई लिखित शिकायत उनके पास नहीं पहुंची है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि संबद्ध कोटेदार द्वारा स्टॉक कम मिलने की शिकायत दर्ज कराई जाती है, तो निलंबित कोटेदार सोनम के खिलाफ विधिक (कानूनी) कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इस प्रशासनिक कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य कोटेदारों में हड़कंप मचा हुआ है।

 

Voice Of News 24