सिद्धार्थनगर: शादी के कार्ड बांटने निकले दो भाई ट्रक की चपेट में आए, हालत गंभीर होने पर बस्ती रेफर

भवानीगंज

सिद्धार्थनगर जनपद के बेंवा-भड़रिया मार्ग पर आज सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद के बेंवा-भड़रिया मार्ग पर आज सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। भड़रिया पुलिस बूथ चौराहे पर एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक बाइक को कुछ दूर तक घसीटता हुआ ले गया, जिसकी चपेट में वहां खड़ी एक कार और एक अन्य मोटरसाइकिल भी आ गई।

बहन की शादी की खुशियां बदलीं मातम में

जानकारी के अनुसार, डुमरियागंज थाना क्षेत्र के कादिराबाद निवासी हर्षित (13 वर्ष) पुत्र गोपाल और वीरेंद्र (23 वर्ष) पुत्र घनश्याम अपनी बहन की शादी के कार्ड बांटने के लिए भड़रिया चौराहे पर आए थे। इसी दौरान बेंवा की दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। खुशियों के माहौल के बीच अचानक हुई इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।

मौके पर मची अफरा-तफरी, पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

टक्कर की आवाज सुनकर मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष भवानीगंज बृजेश सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेंवा भिजवाया।

हालत नाजुक, हायर सेंटर रेफर

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेंवा के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बस्ती जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

 

Voice Of News 24