सिद्धार्थनगर: जेल की सुरक्षा व्यवस्था का हाल जानने अचानक पहुंचे डीएम और एसपी, बैरकों से लेकर भोजनालय तक की पड़ताल

सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और जेल की आंतरिक सुरक्षा को परखने के उद्देश्य से सोमवार को जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और जेल की आंतरिक सुरक्षा को परखने के उद्देश्य से सोमवार को जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों के अचानक जेल पहुंचने से हड़कंप की स्थिति रही और जेल प्रशासन तत्काल मुस्तैद हो गया।

डीएम और एसपी ने संयुक्त रूप से जेल की विभिन्न बैरकों, भोजनालय (मेस), अस्पताल और पेयजल व्यवस्था का गहनता से जायजा लिया। बंदियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और जेल परिसर की साफ-सफाई की जांच की गई, जिसे अधिकारियों ने संतोषजनक पाया। हालांकि, सुरक्षा के मोर्चे पर डीएम ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जेल के भीतर किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री का प्रवेश हर हाल में शून्य होना चाहिए।

स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल प्रशासन को निर्देश दिए कि कारागार में आने वाले प्रत्येक नए बंदी का अनिवार्य रूप से मेडिकल चेकअप कराया जाए, ताकि किसी भी बीमारी का समय रहते उपचार सुनिश्चित हो सके।

एसपी का कड़ा संदेश: “नियमित निरीक्षण और पैनी नजर रखें

पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने जेल अधीक्षक सचिन वर्मा को निर्देश दिया कि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बंदियों की संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने और उसकी रिपोर्ट नियमित रूप से उच्चाधिकारियों को भेजने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जेल प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि अनुशासन और सुरक्षा के मानकों में कोई समझौता न किया जाए।

 

Voice Of News 24