औरैया :इलाज के दौरान थमीं अक्षित की सांसें, इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम, गांव में मातम

औरैया

औरैया जनपद के बिधूना कोतवाली क्षेत्र के मलिकपुर गांव में उस समय मातम पसर गया, जब सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 17 वर्षीय किशोर अक्षित शाक्य की इलाज के दौरान मौत हो गई।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

औरैया जनपद के बिधूना कोतवाली क्षेत्र के मलिकपुर गांव में उस समय मातम पसर गया, जब सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 17 वर्षीय किशोर अक्षित शाक्य की इलाज के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार देर रात कानपुर के एक अस्पताल में अक्षित ने अंतिम सांस ली। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान था, जिसकी मौत से परिवार का चिराग बुझ गया है।

धार्मिक यात्रा से लौटते समय हुआ था हादसा

जानकारी के मुताबिक, यह दुखद घटना 17 अप्रैल की है। अक्षित अपने गांव के अन्य लोगों के साथ किशनी क्षेत्र के बसैत गांव में झंडा चढ़ाने गया था। धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कर वापस लौटते समय एरवाकटरा थाना क्षेत्र के उमरैन (आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे) के पास लोग जूस पीने के लिए रुके थे। इसी दौरान एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने अक्षित को जोरदार टक्कर मार दी।

सैफई से कानपुर तक चला जिंदगी का संघर्ष

हादसे के तुरंत बाद घायल अक्षित को सैफई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया। परिजनों ने उसे बचाने की हर संभव कोशिश की और कानपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। करीब एक सप्ताह तक मौत से जंग लड़ने के बाद शुक्रवार रात करीब 11 बजे उसने दम तोड़ दिया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

शनिवार को जैसे ही अक्षित का शव गांव पहुंचा, कोहराम मच गया। इकलौते बेटे को खोने वाले माता-पिता की चीत्कारों से हर किसी की आंखें नम हो गईं। गांव का माहौल अत्यंत शोकाकुल है और स्थानीय लोगों ने इस असमय मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

 

Voice Of News 24