महराजगंज
महराजगंज जनपद के भिटौली थाना क्षेत्र के भैंसा गांव में रविवार की दोपहर एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां एक 17 वर्षीय किशोर का शव घर के भीतर फंदे से लटकता हुआ मिला। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के भिटौली थाना क्षेत्र के भैंसा गांव में रविवार की दोपहर एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां एक 17 वर्षीय किशोर का शव घर के भीतर फंदे से लटकता हुआ मिला। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आनन-फानन में परिजन किशोर को जिला चिकित्सालय महराजगंज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। युवा बेटे की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
घर में अकेला था किशोर
जानकारी के अनुसार, भैंसा गांव के रहने वाले रुदल साहनी अपनी पत्नी सरोज देवी के साथ परिवार के ही एक अन्य सदस्य की दवा कराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल गए हुए थे। इस दौरान उनका छोटा बेटा राजकुमार 17 वर्ष घर पर अकेला था। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब एक बजे के आसपास अज्ञात कारणों के चलते उसने घर के कमरे में छत की कुंडी से फंदा लगाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। कुछ समय बाद जब परिजनों और ग्रामीणों को इसकी भनक लगी, तो उन्होंने तत्काल उसे फंदे से नीचे उतारा और बिना समय गंवाए जिला अस्पताल महराजगंज ले गए, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। अस्पताल के चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
अंतरजातीय प्रेम प्रसंग और तनाव की चर्चा
ग्रामीण अंचलों में हो रही चर्चाओं के मुताबिक, मृतक राजकुमार का गांव की ही एक युवती से लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों आगे चलकर विवाह करना चाहते थे, लेकिन दोनों के अलग-अलग जाति से होने के कारण उनके परिवार इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे। बताया जाता है कि इस विषय को लेकर पूर्व में भी दोनों पक्षों के बीच काफी तनाव की स्थिति उत्पन्न हो चुकी थी।
यह भी चर्चा है कि घटना वाले दिन यानी रविवार की सुबह से ही युवती और राजकुमार के बीच मोबाइल फोन पर कई बार बातचीत हुई थी और किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी कहासुनी भी हुई थी। हालांकि, स्थानीय पुलिस ने अभी तक इन चर्चाओं की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक राजकुमार तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसका सबसे बड़ा भाई श्रवण विदेश में रहकर आजीविका कमाता है, जबकि दूसरा भाई सुदामा देश के ही एक अन्य शहर में रोजगार करता है। पिता रुदल साहनी खेती-बाड़ी के साथ-साथ एक छोटी सी किराना दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सबसे छोटे बेटे की अचानक मौत से मां सरोज देवी और पिता रुदल पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। ढाढस बंधाने के लिए पीड़ित के घर पर ग्रामीणों का तांता लगा हुआ है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। भिटौली थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि रिपोर्ट और मौके से प्राप्त अन्य तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त होती है, तो सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की जाएगी।
महराजगंज: दो ग्राम पंचायतों के सीमा विवाद में PWD सड़क पर बह रहा नाले का गंदा पानी, राहगीर परेशान@DmMaharajganj @uppwdofficial @IndiaDeportoPR https://t.co/OxRB3TLqZc
— Voice of News 24 (@VOfnews24) June 20, 2026













