मिर्जापुर महासाहसा: ड्रमंडगंज घाटी में ट्रक का ब्रेक फेल, आग का गोला बनी बोलेरो 9 श्रद्धालुओं समेत 11 की दर्दनाक मौत

मिर्जापुर

मिर्जापुर जनपद के ड्रमंडगंज घाटी में बुधवार रात एक ऐसा भयावह मंजर देखने को मिला, जिसने मानवता को रुला दिया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

मिर्जापुर जनपद के ड्रमंडगंज घाटी में बुधवार रात एक ऐसा भयावह मंजर देखने को मिला, जिसने मानवता को रुला दिया। रीवा-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बेकाबू ट्रक ने कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे हुए धमाके के बाद एक बोलेरो आग का गोला बन गई। इस भीषण हादसे में कुल 11 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें से 9 लोग बोलेरो के भीतर जिंदा जल गए।

ब्रेक फेल होने से बरपा काल का कहर

जानकारी के अनुसार बताते चले की हादसा बुधवार रात करीब 8:30 बजे ड्रमंडगंज घाटी की ढलान पर हुआ। मध्य प्रदेश से चना लादकर आ रहा एक ट्रक अचानक ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गया। बेकाबू ट्रक ने आगे चल रही बोलेरो को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह सामने चल रहे गिट्टी लदे ट्रक और पीछे से आ रहे अन्य वाहनों के बीच सैंडविच बन गई। टक्कर के साथ ही बोलेरो में भीषण आग लग गई, जिससे सवार लोगों को बाहर निकलने का क्षण भर भी मौका नहीं मिला।

मैहर धाम से खुशियां लेकर लौट रहे थे परिवार

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के अनुसार, बोलेरो में सवार सभी मृतक प्रयागराज के मांडा क्षेत्र स्थित हाटा गांव के निवासी थे। ये सभी श्रद्धालु मैहर धाम में माता के दर्शन कर वापस अपने घर लौट रहे थे। मृतकों में महिलाएं और मासूम बच्चे भी शामिल हैं। बोलेरो सवार 9 लोगों के अलावा एक अन्य कार सवार और एक ट्रक चालक की भी इस हादसे में मौत हुई है।

मौके पर मची चीख-पुकार, सीएम ने जताया दुख

हादसे के बाद पूरी घाटी चीख-पुकार से गूंज उठी। आग इतनी विकराल थी कि स्थानीय लोगों के चाहने के बावजूद किसी को बचाया नहीं जा सका। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को पीड़ितों की हरसंभव मदद और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।

 

 Voice Of News 24