सिद्धार्थनगर : भक्ति के रंग में रंगा मधपुर गांव, 2100 कलश के साथ निकली भव्य श्रीराम कथा शोभा यात्रा, खूब गूंजें जयकारे 

बिस्कोहर (सिद्धार्थनगर)

सिद्धार्थनगर जनपद के मधपुर में 2100 कलश के साथ 7 किलोमीटर लंबी पदयात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों का जनसैलाब उमड़ा। हाथी-घोड़े और झांकियों ने मन मोह लिया। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जिले के कस्बा बिस्कोहर के समीप मधपुर गांव में आयोजित दस दिवसीय श्रीराम कथा के शुभारंभ अवसर पर मंगलवार को आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। 2100 कलशों के साथ निकली भव्य शोभा यात्रा ने पूरे क्षेत्र को राममय कर दिया। सुबह से ही श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर था और जैसे ही यात्रा शुरू हुई, जय श्रीराम के उद्घोष से वातावरण गुंजायमान हो उठा।

मंगलवार सुबह करीब 10 बजे कथा स्थल से गाजे-बाजे के साथ शोभा यात्रा का शुभारंभ हुआ। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं और बालिकाएं पीत वस्त्र धारण कर सिर पर कलश रखे पदयात्रा करती नजर आईं।श्रद्धा और अनुशासन का ऐसा दृश्य लोगों को भावविभोर कर रहा था। यह यात्रा सेमरी, बेलवा और बिस्कोहर कस्बे से होते हुए बूढ़ी राप्ती नदी के परसोहन घाट तक पहुंची।करीब सात किलोमीटर लंबी इस पदयात्रा में दो किलोमीटर तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें दिखाई दीं, जो आयोजन की भव्यता को दर्शा रही थीं।

यात्रा में हाथी, घोड़े, ऊंट और सुसज्जित रथों पर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान की आकर्षक झांकियां निकाली गईं, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।जगह-जगह ग्रामीणों और कस्बा वासियों ने पुष्प वर्षा कर शोभा यात्रा का स्वागत किया। सबसे खास क्षण तब आया जब आसमान में उड़ते हेलीकॉप्टर से श्रद्धालुओं पर फूलों की वर्षा की गई। इस दृश्य ने पूरे आयोजन को और भी भव्य बना दिया और श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह जलपान की व्यवस्था की गई थी। बिस्कोहर कस्बे में कई स्थानों पर सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा ठंडा पानी, शरबत और अल्पाहार वितरित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। आयोजन समिति के धनीराम प्रजापति ने बताया कि संगीतमय श्रीराम कथा 30 अप्रैल तक चलेगी। अयोध्या धाम से पधारे जगतगुरु दिनेशाचार्य जी महाराज प्रतिदिन कथा के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र और आदर्शों का वर्णन करेंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा का लाभ लेने की अपील की।

इस अवसर पर पंडित दुर्गेश शुक्ला, पूर्व विधायक शैलेंद्र प्रताप सिंह, धर्मेंद्र शुक्ला, सीताराम प्रजापति, पंकज प्रजापति, मनीराम प्रजापति तथा गैसड़ी चेयरमैन प्रिंस वर्मा सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और पूरे मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।

भक्ति, श्रद्धा और उत्साह से सराबोर इस भव्य शोभा यात्रा ने क्षेत्र में धार्मिक माहौल को नई ऊर्जा दी है। आने वाले दिनों में कथा के दौरान भी इसी तरह श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

 

Voice Of News 24 

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.