बड़ी खबर: लोकसभा में गिरा संविधान (131वां) संशोधन विधेयक, बहुमत के आंकड़े से 54 वोट दूर रही सरकार

ब्यूरो रिपोर्ट

संसद के निचले सदन लोकसभा में महिला आरक्षण और सीटों के विस्तार से जुड़ा ‘संविधान (131वां) संशोधन विधेयक’ पारित नहीं हो सका।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

संसद के निचले सदन लोकसभा में महिला आरक्षण और सीटों के विस्तार से जुड़ा ‘संविधान (131वां) संशोधन विधेयक’ पारित नहीं हो सका। सरकार को इस महत्वपूर्ण बिल पर दो-तिहाई बहुमत हासिल करने में विफलता हाथ लगी, जिसके चलते यह विधेयक सदन में गिर गया।

इस संशोधन विधेयक में संसद की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर 850 करने का बड़ा प्रावधान प्रस्तावित था। इसके साथ ही महिला आरक्षण के पेच और सीटों के परिसीमन को लेकर यह बिल काफी चर्चा में था।

वोटिंग का गणित और बहुमत का फेर

लोकसभा में करीब 21 घंटे की मैराथन चर्चा के बाद इस विधेयक पर वोटिंग हुई। सदन की मौजूदा स्थिति और वोटिंग का विवरण इस प्रकार रहा:

कुल मतदान: 528 सांसदों ने वोट डाले।

पक्ष में: 298 वोट।

विपक्ष में: 230 वोट।

संवैधानिक प्रावधान के अनुसार, इस श्रेणी के विधेयक को पास कराने के लिए सदन में उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों का दो-तिहाई बहुमत (2/3) अनिवार्य है। 528 सांसदों की मौजूदगी के हिसाब से सरकार को 352 वोटों की आवश्यकता थी, लेकिन पक्ष में केवल 298 वोट ही पड़े।

सरकार आवश्यक आंकड़े से 54 वोट पीछे रह गई, जिसके कारण विधेयक को अस्वीकृत घोषित कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि लोकसभा में वर्तमान में सांसदों की संख्या 540 है और तीन सीटें खाली हैं। बिल के गिरने के बाद अब संसद के आगामी सत्रों में सीटों के विस्तार और महिला प्रतिनिधित्व की दिशा में सरकार की रणनीति पर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं।

 

Voice Of News 24