लखीमपुर खीरी के चिल्ड्रन्स एकेडमी में सनसनी: क्लासरूम में घुसे युवक ने महिला शिक्षिका को मारी गोली, फिर खुद को भी उड़ाया; दोनों की मौके पर मौत

लखीमपुर खीरी

लखीमपुर खीरी जनपद के शहर के प्रतिष्ठित चिल्ड्रेन्स एकेडमी स्कूल में सोमवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

लखीमपुर खीरी जनपद के शहर के प्रतिष्ठित चिल्ड्रेन्स एकेडमी स्कूल में सोमवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक हथियारबंद युवक ने स्कूल परिसर में घुसकर महिला शिक्षिका की गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद को भी गोली से उड़ा लिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दिनदहाड़े स्कूल परिसर में हुए इस दोहरे गोलीकांड से बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों में भारी दहशत फैल गई।

छुट्टी से ठीक पहले दाखिल हुआ आरोपी

मिली जानकारी के मुताबिक, दोपहर स्कूल की छुट्टी होने से ठीक पहले 30 वर्षीय सऊद असलहा छिपाकर स्कूल के अंदर दाखिल हुआ। आरोपी सीधे 28 वर्षीय शिक्षिका निशात फातिमा के पास पहुंचा। पहले उसने शिक्षिका से कुछ बातचीत की और फिर उन्हें बातों में उलझाकर स्कूल की दूसरी मंजिल पर ले गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वहां दोनों के बीच तीखी कहासुनी हुई, जिसके बाद सऊद ने तमंचा निकालकर शिक्षिका पर ताबड़तोड़ दो गोलियां दाग दीं। शिक्षिका के लहूलुहान होकर गिरते ही आरोपी ने उसी असलहे से अपनी कनपटी पर गोली चलाकर खुदकुशी कर ली।

गोलियों की आवाज से मची भगदड़

गोलियों की तड़तड़ाहट और चीख-पुकार सुनकर स्कूल में भगदड़ मच गई। डरे-सहमे बच्चे अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और स्कूल स्टाफ में चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते स्कूल के बाहर अभिभावकों और स्थानीय लोगों का भारी जमावड़ा लग गया।

डीएम और एसपी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे

वारदात की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी (डीएम) अंजनी कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक (एसपी) ख्याति गर्ग भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

जांच में जुटी पुलिस

एसपी ख्याति गर्ग ने बताया कि घटना के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस स्कूल प्रशासन, साथी शिक्षकों और प्रत्यक्षदर्शियों से गहन पूछताछ कर रही है। आरोपी हथियार लेकर सुरक्षा घेरा पार कर स्कूल के अंदर कैसे पहुंचा, इस बिंदु पर भी जांच की जा रही है।


Voice Of News 24

This error message is only visible to WordPress admins

Error 403: The request cannot be completed because you have exceeded your quota..

Domain code: youtube.quota
Reason code: quotaExceeded

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.