सिद्धार्थनगर: घर में सो रही इंटर की छात्रा की करंट लगने से दर्दनाक मौत, शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग

भवानीगंज

सिद्धार्थनगर जनपद के भवानीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत केवटली नानकार के टोला नौडिहवा में आज गुरुवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद के भवानीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत केवटली नानकार के टोला नौडिहवा में आज गुरुवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ घर में सो रही 16 वर्षीय छात्रा की करंट की चपेट में आने और उसके बाद लगी आग से झुलसकर मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गाँव में मातम पसरा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब दो बजे घर की दीवार में लगे बिजली के बोर्ड में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि कमरे में रखा बिस्तर और लकड़ी की चौकी जलकर राख हो गए। दुर्भाग्यवश, उसी कमरे में सो रही गायत्री वर्मा करंट की चपेट में आ गई और आग की लपटों के बीच घिर गई।

घटना के समय गायत्री की माँ किसी काम से गाँव में बाहर गई हुई थीं, जबकि उसकी छोटी बहन घर के बाहर खेल रही थी। घर के भीतर से धुआँ और आग उठती देख छोटी बहन ने शोर मचाया और पास में खेल रहे बच्चों को इसकी जानकारी दी। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर जमा हुए और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक छात्रा की मृत्यु हो चुकी थी।
मृतक गायत्री वर्मा धूपा देवी इंटर कॉलेज, पिरैला में कक्षा 12वीं (इंटर) की छात्रा थी। वह अपनी पढ़ाई को लेकर काफी गंभीर थी और उसकी इस असमय मौत से सहपाठियों और शिक्षकों में भी गहरा शोक है।

इस दुखद घटना के संबंध में भवानीगंज थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने बताया कि मामले की आधिकारिक सूचना अभी तक थाने में प्राप्त नहीं हुई है। सूचना मिलने और तहरीर के आधार पर आगे की आवश्यक विधिक कार्यवाही की जाएगी।

 

Voice Of News 24