बुलंदशहर: किसान दिवस पर बरसे अन्नदाता; स्मार्ट मीटर और मुआवजे को लेकर दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

बुलंदशहर

बुलंदशहर जनपद के राजकीय कृषि विद्यालय में आयोजित किसान दिवस के दौरान किसानों का आक्रोश फूट पड़ा। विभिन्न किसान संगठनों और सैकड़ों किसानों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रशासन के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के राजकीय कृषि विद्यालय में आयोजित किसान दिवस के दौरान किसानों का आक्रोश फूट पड़ा। विभिन्न किसान संगठनों और सैकड़ों किसानों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रशासन के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। किसानों ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो वे एक विशाल आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी ने की, जिसमें विद्युत, कृषि और राजस्व समेत कई विभागों के आला अधिकारी मौजूद रहे। गोष्ठी के दौरान चौधरी कुलदीप गुड्डू ने किसानों का नेतृत्व करते हुए शासन-प्रशासन के सामने मांगों की लंबी फेहरिस्त रखी।

लिंक गंगा एक्सप्रेसवे: बुलंदशहर-शिकारपुर और अनूपशहर मार्ग पर चढ़ने-उतरने के लिए रास्ता, सर्विस रोड का निर्माण और जमीन का उचित मुआवजा।

विद्युत समस्या: स्मार्ट मीटर व्यवस्था को तत्काल बंद करने, पूर्व में लगे मीटरों को हटाने और पुराने तरीके से बिजली कनेक्शन देने की मांग।

गेहूँ खरीद: सरकारी तौल केंद्रों पर बिना देरी के तत्काल गेहूँ की तौल शुरू कराने पर जोर।

मजदूरी एवं शिक्षा: आंगनवाड़ी, आशा और रसोइयों का न्यूनतम वेतन ₹18,000 करने तथा स्कूलों में एनसीईआरटी (NCERT) की किताबें कड़ाई से लागू करने की मांग।

किसानों ने जिला प्रशासन पर शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। इसके साथ ही, जिले में बिना एनओसी (NOC) के चल रही फैक्ट्रियों और दूषित पेयजल की जांच कराने की भी मांग की गई। ओलावृष्टि व बेमौसम बारिश से हुए नुकसान के मुआवजे की मांग को लेकर भी किसानों ने कड़ा रुख अपनाया।

चौधरी कुलदीप गुड्डू ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, “हमने प्रशासन को अपनी सभी मांगें सौंप दी हैं। यदि तीन दिनों के भीतर जिला स्तरीय समस्याओं का समाधान नहीं होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी और किसान सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे।

 

Voice Of News 24