महराजगंज: बीएससी छात्र ने फंदे से लटककर की आत्महत्या, कोठीभार के हेवती गांव में मचा कोहराम

कोठीभार

महराजगंज जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र अंतर्गत हेवती गांव में आज शुक्रवार को एक 20 वर्षीय युवक ने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र अंतर्गत हेवती गांव में आज शुक्रवार को एक 20 वर्षीय युवक ने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। युवक की मौत की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक की पहचान उमेश सईथवार (20) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से कुशीनगर जिले के अहरौली थाना क्षेत्र के असना ग्रामसभा का निवासी था, लेकिन पिछले 10 वर्षों से अपने मामा गुड्डू (संचालक: गुड़िया रानी ड्रामा पार्टी) के साथ हेवती चौराहे पर रह रहा था। मामा गुड्डू ने ही उमेश का पालन-पोषण किया और उसे अपनी संतान की तरह मानकर उसके नाम जमीन और घर भी खरीदा था।

जानकारी के अनुसार, उमेश निचलौल स्थित तारा चंद डिग्री कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र था। घटना के समय उसके मामा गुड्डू किसी मीटिंग के सिलसिले में आगरा गए हुए थे। शुक्रवार दोपहर जब किसी पड़ोसी ने अनहोनी की सूचना दी तो मामा ने उमेश को कई बार फोन किया, लेकिन फोन न उठने पर परिजनों को शक हुआ। मौके पर जाकर देखा गया तो उमेश का शव फंदे से लटक रहा था।

घटना की सूचना शुक्रवार दोपहर करीब 1:58 बजे डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद कोठीभार पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंचे दरोगा मनोज कुमार यादव ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं। पुलिस के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। छात्र के इस आत्मघाती कदम के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

मृतक के पिता छंगूर सिंह और स्थानीय लोगों ने बताया कि उमेश बहुत ही मिलनसार और साफ-सुथरे स्वभाव का युवक था। उसकी अचानक मौत से हर कोई स्तब्ध है। पुलिस अब इस मामले में आत्महत्या के कारणों की तलाश में जुट गई है।

 

Voice Of News 24