सिसवा: अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आने से फेरी व्यवसायी की दर्दनाक मौत, चालक फरार

महराजगंज

महराजगंज जनपद के सिसवा नगरपालिका के सबया रेलवे क्रॉसिंग के पास आज शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसे में 48 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के सिसवा नगरपालिका के सबया रेलवे क्रॉसिंग के पास आज शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसे में 48 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई। एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने राहगीर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मौके पर ही दबकर मौत हो गई।

मृतक की पहचान सिसवा कस्बे के गोपालनगर मोहल्ला निवासी मोहन वर्मा (48) के रूप में हुई है। मोहन पेशे से फेरी लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को वह काम के सिलसिले में बहुआर बाजार गए थे। रात करीब 10 बजे जब वह वापस सिसवा लौट रहे थे, तभी सबया रेलवे क्रॉसिंग से आगे बढ़ते ही सामने से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गया। मोहन ट्रैक्टर के नीचे बुरी तरह दब गए। मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें नीचे से बाहर निकाला और तत्काल एम्बुलेंस के जरिए सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सिसवा चौकी प्रभारी दिव्यप्रकाश मौर्य ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रैक्टर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने के बाद मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस अब फरार चालक की तलाश में जुट गई है।

 

Voice Of News 24