सिद्धार्थनगर
सिद्धार्थनगर जनपद के शोहरतगढ़ विकास खंड शोहरतगढ़ में तैनात मनरेगा रोजगार सेवकों का धैर्य अब जवाब दे गया है। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद के शोहरतगढ़ विकास खंड शोहरतगढ़ में तैनात मनरेगा रोजगार सेवकों का धैर्य अब जवाब दे गया है। पिछले छह महीनों से मानदेय का भुगतान न होने के कारण आर्थिक तंगी और भुखमरी झेल रहे रोजगार सेवकों ने बुधवार को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन खंड विकास अधिकारी चन्द्रभूषण त्रिपाठी को सौंपा। अपनी मांगों को लेकर नाराज कर्मियों ने साफ कर दिया है कि जब तक बकाया भुगतान नहीं होता, वे कार्य का पूर्ण बहिष्कार करेंगे।
परिवार का पालन-पोषण हुआ दूभर
ज्ञापन में रोजगार सेवकों ने बताया कि वे सभी मनरेगा योजना के अंतर्गत निष्ठापूर्वक कार्य कर रहे हैं। शासनादेश के अनुसार, उन्हें प्रतिमाह ₹7,788 मानदेय और ₹2,212 ईपीएफ के रूप में मिलता है। लेकिन पिछले 06 महीनों से मानदेय न मिलने के कारण उनके सामने परिवार चलाने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। रोजगार सेवकों का कहना है कि उन्होंने 23 मार्च 2026 को भी ब्लॉक मुख्यालय को इस समस्या से अवगत कराया था, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला।
कलमबंद हड़ताल और कार्य बहिष्कार की चेतावनी
भुगतान न होने से क्षुब्ध रोजगार सेवकों ने मुख्यमंत्री से निवेदन करते हुए घोषणा की है कि जब तक उनके मानदेय का भुगतान नहीं हो जाता, वे ‘कलमबंद हड़ताल’ पर रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे कार्य का पूर्ण बहिष्कार करेंगे और ब्लॉक मुख्यालय आने में भी असमर्थ हैं। रोजगार सेवकों ने यह भी मांग की है कि हड़ताल के दौरान उन पर किसी भी प्रकार के कार्य का दबाव न बनाया जाए।
इनकी रही मौजूदगी
ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष रोजगार सेवक विजय दूबे के नेतृत्व में भारी संख्या में रोजगार सेवक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में शासन-प्रशासन से जल्द से जल्द बकाया मानदेय जारी करने की गुहार लगाई है ताकि उनके घरों में चूल्हा जल सके।
Voice Of News 24: गुड माॅर्निंग डे स्पेशल – आज 1 अप्रैल का दिन क्यों है खास
— Voice of News 24 (@VOfnews24) April 1, 2026























