महराजगंज
महराजगंज जनपद के ठूठीबारी सीमावर्ती कस्बा ठूठीबारी में हनुमान जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर श्रद्धा, भक्ति और अभूतपूर्व उत्साह का संगम देखने को मिला। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के ठूठीबारी सीमावर्ती कस्बा ठूठीबारी में हनुमान जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर श्रद्धा, भक्ति और अभूतपूर्व उत्साह का संगम देखने को मिला। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित भव्य शोभायात्रा ने पूरे नगर को भक्तिमय कर दिया। सैकड़ों की संख्या में उमड़े श्रद्धालुओं और गूंजते जयकारों ने वातावरण को पूरी तरह राममय बना दिया।
रथ पर सवार ‘बजरंगी’ की मनमोहक झांकी
शोभायात्रा का शुभारंभ विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ हुआ। सजे-धजे रथ पर विराजमान भगवान हनुमान की दिव्य झांकी आकर्षण का केंद्र रही। नगर के मुख्य मार्गों से गुजरी इस यात्रा के दौरान “जय श्रीराम” और “वीर बजरंगी-जय बजरंगी” के नारों से पूरा आकाश गुंजायमान हो उठा। युवाओं की टोली डीजे और भक्ति संगीत की धुनों पर झूमती नजर आई।
पुष्प वर्षा से हुआ भव्य स्वागत
नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं और स्थानीय व्यापारियों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का जोरदार स्वागत किया। विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों ने भी इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हनुमान जन्मोत्सव को लेकर नगर के मंदिरों को आकर्षक विद्युत झालरों से सजाया गया है, जहाँ कल मुख्य पर्व पर विशेष अनुष्ठान होंगे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
आयोजन की संवेदनशीलता और भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। पुलिस बल के साथ-साथ बजरंग दल के स्वयंसेवकों ने पूरी यात्रा के दौरान व्यवस्था संभाली, जिससे शोभायात्रा शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से संपन्न हुई। यह यात्रा न केवल धार्मिक आस्था बल्कि सामाजिक एकता का भी प्रतीक बनी।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस भव्य आयोजन के दौरान दुर्गा प्रसाद गुप्त, कौशल गुप्ता, श्री राम मद्धेशिया, प्रदीप गुप्ता, धीरज वर्मा सहित मंदिर कमेटी के समस्त सदस्य और भारी संख्या में रामभक्त मौजूद रहे।
Voice Of News 24: गुड माॅर्निंग डे स्पेशल – आज 1 अप्रैल का दिन क्यों है खास
— Voice of News 24 (@VOfnews24) April 1, 2026























