बलिया
बलिया जनपद के संचारी रोगों और दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण पाने के लिए ‘विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान’ का विधिवत शुभारंभ हो गया है। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बलिया जनपद के संचारी रोगों और दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण पाने के लिए ‘विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान’ का विधिवत शुभारंभ हो गया है। बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी CMO डॉ. आनन्द कुमार सिंह और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुजीत कुमार यादव ने जिला अस्पताल से जागरूकता गोष्ठी और शपथ ग्रहण के साथ इस अभियान को हरी झंडी दिखाई।
10 से 30 अप्रैल तक चलेगा ‘दस्तक अभियान’
नोडल अधिकारी डॉ. अभिषेक मिश्रा ने बताया कि अभियान के दूसरे चरण में 10 अप्रैल से ‘दस्तक अभियान’ शुरू होगा। इसके तहत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, जेई (दिमागी बुखार) और हीट वेव (लू) से बचाव के प्रति जागरूक करेंगी। इस दौरान संदिग्ध मरीजों और कुपोषित बच्चों की सूची तैयार कर उसे ‘ई-कवच’ पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।
भीषण गर्मी और ‘हीट वेव’ को लेकर विशेष सतर्कता
जिला मलेरिया अधिकारी राजीव त्रिपाठी ने बताया कि मौसम विभाग द्वारा इस वर्ष सामान्य से अधिक तापमान रहने के पूर्वानुमान को देखते हुए जलजनित रोगों के फैलने की आशंका अधिक है। शासन के निर्देशानुसार
भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर शुद्ध एवं शीतल पेयजल की व्यवस्था की जाएगी।
व्यस्त चौराहों पर तापमान का डिस्प्ले और गर्मी से बचाव हेतु शेल्टर्स की सुविधा दी जाएगी।
स्कूलों और जनमानस में ‘हीट वेव’ से बचाव के उपायों का व्यापक प्रचार-प्रसार होगा।
अंतर्विभागीय समन्वय से होगी रोगों की रोकथाम
इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग नोडल की भूमिका निभाएगा, जबकि नगर विकास, पंचायती राज, शिक्षा, पशुपालन और कृषि विभाग जैसे कई विभाग आपस में समन्वय बनाकर कार्य करेंगे। स्वास्थ्य कार्यकर्ता प्रत्येक परिवार के सदस्यों का आयुष्मान भारत हेल्थ एकाउंट ABHA आईडी भी बनाएंगे और उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ेंगे।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ सहयोगी संस्थाओं (सी-फार, पाथ) के प्रतिनिधि और भारी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
Voice Of News 24: गुड माॅर्निंग डे स्पेशल – आज 1 अप्रैल का दिन क्यों है खास
— Voice of News 24 (@VOfnews24) April 1, 2026























