लखीमपुर खीरी
खीरी नगर पालिका परिषद मोहम्मदी के कई मोहल्लों में इन दिनों जल निकासी की समस्या विकराल रूप धारण कर चुकी है। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

खीरी नगर पालिका परिषद मोहम्मदी के कई मोहल्लों में इन दिनों जल निकासी की समस्या विकराल रूप धारण कर चुकी है। आलम यह है कि नालियों की नियमित सफाई न होने के कारण घरों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों का जीना मुहाल हो गया है। विशेषकर ब्रह्मदेव कॉलोनी, राधा कृष्ण इंटर कॉलेज वाली गली, रामलीला मैदान और बाजार गंज खुर्द में सड़कें अब तालाब का रूप ले चुकी हैं।
स्कूली बच्चे और राहगीर हो रहे दुर्घटना का शिकार
गंदे पानी और कीचड़ के बीच से गुजरने को मजबूर स्कूली बच्चे अक्सर फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे उनके कपड़े और किताबें खराब हो जाती हैं। स्थानीय निवासी रोहित, सनोज, सर्वेश और दीपक कुमार का कहना है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे क्षेत्र में भयंकर बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है। राधा कृष्ण इंटर कॉलेज के प्रबंधक रामकुमार ने बताया कि यह समस्या पिछले दो माह से बनी हुई है, लेकिन नगर पालिका प्रशासन मौन है।
शिकायतों के बाद भी सिर्फ ‘आश्वासन’ का खेल
मोहल्ला वासियों का आरोप है कि नगर पालिका में कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें की गईं, लेकिन धरातल पर कोई सुधार नहीं दिखा। अधिकारियों द्वारा केवल आश्वासन देकर पल्ला झाड़ लिया जाता है। गंदगी के इस अंबार से व्यापारियों और मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
अधिशासी अधिकारी ने दिया जल्द समाधान का भरोसा
इस गंभीर समस्या को लेकर जब नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी जगदेव प्रसाद मौर्य से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि नगर में नाला सफाई और निर्माण का कार्य प्रक्रियाधीन है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही जल निकासी की व्यवस्था को दुरुस्त कर नगर वासियों को इस नारकीय स्थिति से निजात दिलाई जाएगी।
Voice Of News 24: गुड माॅर्निंग डे स्पेशल – आज 1 अप्रैल का दिन क्यों है खास
— Voice of News 24 (@VOfnews24) April 1, 2026























