बांकेगंज: स्वास्थ्य केंद्र बना ‘कृषि यंत्रों का तबेला’, कुकू हापुर एएनएम सेंटर पर दबंगई और अतिक्रमण का बोलबाला

लखीमपुर खीरी

लखीमपुर खीरी जनपद के बांकेगंज ब्लॉक अंतर्गत शिश्नौर ग्राम पंचायत के कुकू हापुर गांव में स्थित एएनएम (सहायक नर्स मिडवाइफ) केंद्र अपनी बदहाली और भारी अतिक्रमण के कारण चर्चा में है। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

लखीमपुर खीरी जनपद के बांकेगंज ब्लॉक अंतर्गत शिश्नौर ग्राम पंचायत के कुकू हापुर गांव में स्थित एएनएम (सहायक नर्स मिडवाइफ) केंद्र अपनी बदहाली और भारी अतिक्रमण के कारण चर्चा में है। जिस परिसर को ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए बनाया गया था, वहां आज मरीजों के बजाय किसानों के भारी-भरकम कृषि यंत्र और धारदार औजार डेरा जमाए हुए हैं।

अस्पताल जाने से कतरा रहे मरीज: ‘सफेद हाथी’ बना केंद्र

स्थानीय ग्रामीण सर्वेश कुमार, रामकुमार, कमलेश और दिनेश का आरोप है कि इस केंद्र पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी शायद ही कभी नजर आते हैं। परिसर में चारों ओर फैले कृषि उपकरणों के कारण मरीजों को अंदर जाने में डर लगता है। नतीजतन, प्राथमिक उपचार के लिए भी ग्रामीणों को मीलों दूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र CHC की दौड़ लगानी पड़ती है, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी हो रही है।

हौसले बुलंद: सरकारी संपत्ति पर निजी कब्जा

हैरानी की बात यह है कि सरकारी स्वास्थ्य केंद्र की गरिमा को ताक पर रखकर इसे पार्किंग स्टैंड बना दिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग की अनदेखी के चलते ही कुछ लोगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने अस्पताल परिसर को ही अपना गोदाम समझ लिया है। इससे न केवल गंदगी फैल रही है, बल्कि बच्चों और बुजुर्गों के चोटिल होने का खतरा भी बना रहता है।

ग्राम प्रधान ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

इस गंभीर मामले को लेकर जब पंचायत प्रधान मनीष कुमार से बात की गई, तो उन्होंने स्वीकार किया कि अस्पताल परिसर में कृषि यंत्रों का खड़ा होना गलत है। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वे जल्द ही संबंधित लोगों से बात कर इन यंत्रों को वहां से हटवाएंगे। उन्होंने वादा किया कि मरीजों की असुविधा को दूर कर केंद्र को पुनः सुचारू रूप से संचालित करवाने का प्रयास किया जाएगा।

 

Voice Of News 24