औरैया: पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, फायरिंग कर भाग रहे दो शातिर अपराधी गिरफ्तार

औरैया

औरैया जनपद के अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में औरैया पुलिस को आज एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

औरैया जनपद के अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में औरैया पुलिस को आज एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली औरैया और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला करने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों की फायरिंग में पुलिस की गाड़ी बाल-बाल बची।

चेकिंग के दौरान पुलिस पर झोंका फायर

घटना शुक्रवार दोपहर की है। एसपी अभिषेक भारती के निर्देशन में पुलिस टीम तुर्कीपुर चित्तर सिंह सरकारी स्कूल के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान औरैया की तरफ से आ रही एक बिना नंबर की बुलेट मोटरसाइकिल को जब पुलिस ने रोकने का इशारा किया, तो सवारों ने भागने की कोशिश की। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस की बोलेरो गाड़ी पर जान से मारने की नीयत से सीधा फायर झोंक दिया, जो गाड़ी के साइड मिरर के नीचे जाकर लगा।

घेराबंदी कर दबोचे गए बदमाश

पुलिस टीम ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए घेराबंदी जारी रखी। चिचौली गांव के पास रोड पर बने ब्रेकर के कारण बदमाशों की बुलेट का संतुलन बिगड़ गया और वे सड़क पर गिरकर घायल हो गए। पुलिस ने मौके से अंशुल उर्फ अंशु उर्फ हिमांशू चौबे और कुंज किशोर को गिरफ्तार कर लिया।

अवैध हथियारों का जखीरा बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध असलहे बरामद किए हैं, जिनमें शामिल हैं:

एक अदद पिस्टल (.32 बोर) और दो जिंदा कारतूस।

एक अदद तमंचा (.315 बोर), दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस।

एक बिना नंबर की बुलेट मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन।

कानूनी कार्यवाही

दोनों घायल अभियुक्तों को तत्काल जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। कोतवाली औरैया में इनके विरुद्ध धारा 109(1) BNS और 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।

सराहनीय रही पुलिस टीम

इस सफल ऑपरेशन में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह, सर्विलांस प्रभारी समित चौधरी, स्वाट टीम प्रभारी कुलदीप कुमार और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 


Voice Of News 24