बदायूं हत्याकांड: एनकाउंटर में मुख्य आरोपी के दोनों पैरों में लगी गोली, परिजनों ने पुलिस और सुरक्षा तंत्र पर लगाए मिलीभगत के आरोप

बदायूं

बदायूं के सैजनी स्थित HPCL एथेनॉल प्लांट में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह उर्फ रामू को पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बदायूं के सैजनी स्थित HPCL एथेनॉल प्लांट में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह उर्फ रामू को पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है, जबकि एक पुलिस सिपाही भी घायल हुआ है।

सीओ उझानी डॉ. देवेंद्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद जब आरोपी को मुरसेना के जंगल में छिपाए गए असलहे बरामद कराने ले जाया गया, तो उसने पुलिस टीम पर ही फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोलियां चलाईं, जो आरोपी के दोनों पैरों में लगीं। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। आरोपी ने कबूल किया है कि वह दो तमंचों के साथ प्लांट में दाखिल हुआ था।

मृतक के पिता और मामा ने भी सवाल उठाया कि इतनी सख्त सुरक्षा वाले प्लांट के अंदर आरोपी दो-दो हथियार लेकर कैसे प्रवेश कर गया? उन्होंने पुलिस पर समय रहते कार्रवाई न करने का सीधा आरोप लगाया।

प्रशासनिक और राजनीतिक प्रतिक्रिया

घोर लापरवाही बरतने के आरोप में एसएसपी ने मूसाझाग थाना प्रभारी अजय कुमार और हल्का प्रभारी धर्मेंद्र कुमार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।

सांसद की नाराजगी: बदायूं सांसद आदित्य यादव ने घटना की निंदा करते हुए इसे प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल बताया है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक परिसर के अंदर ऐसी वारदात होना शर्मनाक है।पुलिस की जांच अब इस बिंदु पर टिकी है कि भारी सुरक्षा वाले एथेनॉल प्लांट में असलहा लेकर घुसने में आरोपी की मदद किसने की थी।

 

Voice Of News 24