मऊ
मऊ जिला कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया, जब एक पागल सियार अचानक परिसर में घुस आया और लोगों पर हमला करने लगा। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

मऊ जिला कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया, जब एक पागल सियार अचानक परिसर में घुस आया और लोगों पर हमला करने लगा। सियार के आक्रामक रूप को देख वादकारी और कर्मचारी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हालांकि, वहां तैनात एक सुरक्षाकर्मी की बहादुरी से एक बड़ा हादसा टल गया।

दोपहर 2:30 बजे मचा हड़कंप
यह घटना सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे की है। उस समय कलेक्ट्रेट परिसर में अपने मामलों की पैरवी के लिए भारी संख्या में लोग मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सियार बेहद हिंसक था और सामने आने वाले हर व्यक्ति पर झपट रहा था। सियार के अचानक हुए इस हमले से पूरे कार्यालय परिसर में भगदड़ मच गई।
सुरक्षाकर्मी की बहादुरी से टला बड़ा हादसा
इसी बीच परिसर की सुरक्षा में तैनात एक सुरक्षाकर्मी ने अदम्य साहस का परिचय दिया। उसने डंडे के सहारे सियार को रोकने की कोशिश की। खुद पर वार होते देख पागल सियार सुरक्षाकर्मी से ही भिड़ गया। सुरक्षाकर्मी ने सूझबूझ और बहादुरी से मुकाबला करते हुए डंडे से वार कर सियार को मौके पर ही ढेर कर दिया।
लोगों ने ली राहत की सांस
सियार के मारे जाने के बाद कलेक्ट्रेट में मौजूद लोगों और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सुरक्षाकर्मी समय रहते मोर्चा नहीं संभालता, तो कई लोग गंभीर रूप से घायल हो सकते थे। घटना के कुछ देर बाद परिसर में स्थिति सामान्य हुई और विभागीय कामकाज दोबारा सुचारू रूप से शुरू हो सका।
सहारनपुर: टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की जीत पर जश्न का सैलाब, घंटाघर पर क्रिकेट प्रेमियों ने जमकर की आतिशबाजीhttps://t.co/exqVI4mPIR
— Voice of News 24 (@VOfnews24) March 9, 2026























