अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस: एसएसबी सहायक कमांडेंट ने भरी हुंकार, इटहिया में गूंजा ‘नारी शक्ति’ का नारा

महराजगंज

महराजगंज जनपद के अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को इटहिया स्थित आशीर्वाद मैरिज हॉल में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को इटहिया स्थित आशीर्वाद मैरिज हॉल में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूर्वांचल ग्रामीण सेवा समिति और नवज्योति महिला संघर्ष मंडल के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

जागरूकता रैली से हुआ आगाज

कार्यक्रम की शुरुआत ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के संकल्प के साथ हुई। एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई, जो इटहिया शिव मंदिर क्षेत्र से होते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंची। इस दौरान महिलाओं ने “नारी-नारी वीर बन, शक्ति का प्रतीक बन” जैसे गगनभेदी नारों के साथ समाज को सशक्तिकरण का संदेश दिया।

महिला सशक्तिकरण से ही संभव है क्षेत्र का विकास: प्रिया यादव

समारोह की मुख्य अतिथि सशस्त्र सीमा बल (SSB) 22वीं बटालियन की सहायक कमांडेंट सुश्री प्रिया यादव ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जब महिलाएं सशक्त होती हैं, तभी समाज और क्षेत्र का तेजी से विकास होता है। उन्होंने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देते हुए आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी।

मिशन शक्ति’ से सुरक्षित हो रही हैं महिलाएं

विशिष्ट अतिथि और कोतवाली ठूठीबारी की मिशन शक्ति प्रभारी सुश्री खुशबू ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित ‘मिशन शक्ति’ अभियान के फायदों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस अभियान के माध्यम से नारी सुरक्षा और स्वावलंबन को एक नई दिशा मिली है।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

कार्यक्रम में बाल संसद और यूथ क्लब के बच्चों ने सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नवज्योति महिला संघर्ष मंडल की सदस्यों ने जागरूकता गीतों के माध्यम से समाज में व्याप्त कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाई।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर बीओपी शीतलापुर के उप निरीक्षक पूरन, चौकी प्रभारी रेगहिया अमित कुमार, मसीह सेवा श्रम इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य फादर प्रवीण, सिस्टर जगरानी, श्रवण कुमार, राम नगीना और पीजीएसएस की टीम सहित भारी संख्या में ग्रामीण महिलाएं और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

Voice Of News 24