महराजगंज: दिया की लौ से घर में लगी भीषण आग, दो मासूम बच्चियां गंभीर रूप से झुलसीं

महराजगंज

महराजगंज जनपद के नगर पंचायत पनियरा के वार्ड नंबर 2, गौतम बुद्ध नगर में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

 

महराजगंज जनपद के नगर पंचायत पनियरा के वार्ड नंबर 2, गौतम बुद्ध नगर में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर में जल रहे दिया से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिसकी चपेट में आने से दो मासूम बहनें गंभीर रूप से झुलस गईं। इस अग्निकांड में घर के भीतर रखा सारा कीमती सामान और एक बाइक जलकर राख हो गई।

पेट्रोल डालते समय भड़की आग

मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा राजेश यादव के घर में हुआ, जो वर्तमान में बेंगलुरु में फर्नीचर का काम करते हैं। शुक्रवार शाम उनके भतीजे रोहित ने बाइक की खाली टंकी में पेट्रोल डाला था। इसी दौरान कमरे में जल रहे दिए की लौ पास रखी साड़ी पर गिर गई, जिससे आग सुलग उठी। देखते ही देखते आग पेट्रोल के संपर्क में आ गई और पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया।

मासूम बच्चियां आई चपेट में

हादसे के वक्त कमरे में राजेश की दो बेटियां, अंशिका (9 वर्ष) और आराध्या (5 वर्ष) मौजूद थीं। आग इतनी तेजी से फैली कि दोनों बच्चियां बाहर नहीं निकल सकीं और बुरी तरह झुलस गईं। परिजनों और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और बच्चियों को बाहर निकाला।

अस्पताल में चल रहा इलाज

झुलसी हुई दोनों बहनों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पनियरा ले जाया गया। हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।

लाखों का नुकसान

इस भीषण अग्निकांड में एक बाइक समेत घर में रखा अनाज, बेड, चौकी, कपड़े और अन्य घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय प्रशासन को घटना की सूचना दे दी गई है।

 

Voice Of News 24