महराजगंज: सिसवा में जमीन विवाद को लेकर भाइयों में खूनी संघर्ष, मारपीट का VIDEO वायरल

महराजगंज

महराजगंज जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र अंतर्गत पकड़ी चौबे गांव में शनिवार को संपत्ति विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जमीन बंटवारे को लेकर दो भाइयों के परिवारों के बीच हुई मारपीट में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र अंतर्गत पकड़ी चौबे गांव में शनिवार को संपत्ति विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जमीन बंटवारे को लेकर दो भाइयों के परिवारों के बीच हुई मारपीट में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

लाठी-डंडों से हुआ हमला

पीड़ित सूर्यप्रकाश पांडेय द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10 बजे जमीन के बंटवारे की बात को लेकर उनके भाई और भाभी ने अचानक उन पर हमला बोल दिया। आरोप है कि लाठी-डंडों से किए गए इस प्रहार में सूर्यप्रकाश और उनकी पत्नी के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है।

CCTV में कैद हुई वारदात

मारपीट की यह लाइव वारदात पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह मामूली विवाद में अपनों पर ही लाठियां बरसाई जा रही हैं। यह वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिससे गांव में तनाव का माहौल है।

पुलिस की कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोठीभार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष से प्राप्त लिखित तहरीर और सीसीटीवी साक्ष्यों के आधार पर संबंधित धाराओं में दोषियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

 

Voice Of News 24