जौनपुर: ऑपरेशन के बाद महिला की मौत पर अस्पताल में भारी हंगामा, लापरवाही का आरोप

जौनपुर

जौनपुर जनपद के शाहगंज स्थित मां शांति अस्पताल में बच्चेदानी के ऑपरेशन के दौरान एक 35 वर्षीय विवाहिता की मौत से हड़कंप मच गया। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

जौनपुर जनपद के शाहगंज स्थित मां शांति अस्पताल में बच्चेदानी के ऑपरेशन के दौरान एक 35 वर्षीय विवाहिता की मौत से हड़कंप मच गया। परिजनों ने चिकित्सकों पर घोर लापरवाही और इलाज में प्रोटोकॉल के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। स्थिति को बिगड़ते देख भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया।

इलाज के दौरान बरती गई लापरवाही?

दिपाईपुर निवासी रेखा देव 35 को ऑपरेशन के लिए शुक्रवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि रात करीब 10 बजे ऑपरेशन किया गया, लेकिन ऑपरेशन से पूर्व आवश्यक जांच रिपोर्ट आने का इंतजार तक नहीं किया गया। रात करीब 3 बजे जब रेखा की तबीयत बिगड़ी, तो अस्पताल में कोई जिम्मेदार चिकित्सक मौजूद नहीं था। स्टाफ ने फोन पर सलाह लेकर एक इंजेक्शन लगाया, जिसके कुछ ही देर बाद महिला की मौत हो गई।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

मृतका के पति खाड़ी देश में रहकर नौकरी करते हैं। रेखा अपने पीछे दो छोटी बेटियां, 12 वर्षीय प्रतिज्ञा और 6 वर्षीय आराध्या को छोड़ गई हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका के देवर ने अस्पताल प्रबंधन और संबंधित चिकित्सकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हेतु लिखित शिकायत दी है।

पुलिस की कार्रवाई

हंगामे की सूचना पर शाहगंज क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान सर्किल के कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और निष्पक्ष जांच व दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि होगी।

 

Voice Of News 24