महराजगंज: दरौली गांव में महिला का शव मिलने से सनसनी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

महराजगंज

महराजगंज जनपद के भिटौली थाना क्षेत्र अंतर्गत दरौली गांव में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक 55 वर्षीय महिला का शव गांव के ही एक सुनसान मकान के सामने पड़ा मिला।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के भिटौली थाना क्षेत्र अंतर्गत दरौली गांव में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक 55 वर्षीय महिला का शव गांव के ही एक सुनसान मकान के सामने पड़ा मिला। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।

सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने देखा शव

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे जब गांव के कुछ लोग टहलने के लिए निकले थे, तब उन्होंने एक सुनसान मकान के पास जमीन पर एक महिला को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर पता चला कि महिला की मृत्यु हो चुकी है। मृतका की पहचान गांव निवासी मुनक्का देवी (55), पत्नी दुलारे के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, वह सुबह घर से बाहर निकली थीं, जिसके बाद उनका शव बरामद हुआ।

परिजनों में कोहराम, गांव में पसरा सन्नाटा

घटना की सूचना मिलते ही मृतका के घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के शांत माहौल में इस संदिग्ध मौत ने हर किसी को चौंका दिया है। मौके पर पहुंची भिटौली पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

भिटौली थाना प्रभारी मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर दिया है और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

Voice Of News 24