महराजगंज: 22वीं वाहिनी एसएसबी परिसर में बिखरे होली के रंग, कमांडेंट शक्ति सिंह ठाकुर के नेतृत्व में मना ‘रंगोत्सव’

महराजगंज

महराजगंज जनपद के सीमा सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक समरसता की मिसाल पेश करने वाली 22वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल महराजगंज के परिसर में बुधवार को होली का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के सीमा सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक समरसता की मिसाल पेश करने वाली 22वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल महराजगंज के परिसर में बुधवार को होली का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। वाहिनी के कमांडेंट श्री शक्ति सिंह ठाकुर के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में खाकी के कठोर अनुशासन के बीच ‘रंगों की मस्ती’ और ‘पारिवारिक प्रेम’ का अद्भुत संगम देखने को मिला।

गीत-संगीत और गुलाल से रंगमय हुआ परिसर

बुधवार सुबह से ही वाहिनी परिसर में उत्सव का माहौल रहा। कमांडेंट शक्ति सिंह ठाकुर सहित समस्त अधिकारीगण, अधीनस्थ कार्मिकों और उनके परिजनों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर पर्व की बधाई दी। पारंपरिक होली गीतों और संगीत की धुनों पर जवान और उनके परिवार जमकर थिरके। आयोजन के दौरान कमांडेंट महोदय ने सभी को एकता, सामंजस्य और सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए कहा कि यह पर्व हमारे आपसी संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करता है।

संदीक्षा द्वारा ‘गुजिया प्रतियोगिता’ का भव्य आयोजन

होली के इस विशेष अवसर पर एसएसबी के ‘संदीक्षा’ परिवार द्वारा वार्षिक कैलेंडर के तहत एक भव्य गुजिया प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में संदीक्षा परिवार की महिला सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पारंपरिक विधि से तैयार आकर्षक एवं स्वादिष्ट व्यंजनों की प्रस्तुति दी। प्रतियोगिता में स्वाद, स्वच्छता और सजावट के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया गया।

विजेताओं को संदीक्षा अध्यक्षा ने किया सम्मानित

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को संदीक्षा अध्यक्षा श्रीमती ऋचू ठाकुर द्वारा पुरस्कृत किया गया। उन्होंने प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।  ठाकुर ने कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल हमारी पारंपरिक कला जीवित रहती है, बल्कि वाहिनी परिवार के सदस्यों के बीच रचनात्मकता और मेल-मिलाप भी बढ़ता है।

कर्तव्यनिष्ठा और सकारात्मकता का संचार

कार्यक्रम के समापन पर कमांडेंट शक्ति सिंह ठाकुर ने समस्त कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रंगों का यह पर्व हमें प्रेम और समर्पण की भावना के साथ देश सेवा और कर्तव्यों के निर्वहन की नई प्रेरणा देता है। अनुशासन और सौहार्द के बीच संपन्न हुए इस ‘रंगोत्सव’ ने जवानों के भीतर नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार किया। इस दौरान वाहिनी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में परिवारजन उपस्थित रहे।

 

Voice Of News 24