देवरिया: नकली अंग्रेजी शराब फैक्ट्री का सनसनीखेज भंडाफोड़; बिहार तस्करी की थी बड़ी योजना

देवरिया

देवरिया जनपद के पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने नकली अंग्रेजी शराब बनाने वाली एक अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

देवरिया जनपद के पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने नकली अंग्रेजी शराब बनाने वाली एक अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। सदर कोतवाली क्षेत्र में संचालित हो रहे इस खेल का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने भारी मात्रा में मिलावटी शराब और उसे तैयार करने वाले उपकरण बरामद किए हैं। इस अवैध धंधे के तार पड़ोसी राज्य बिहार से जुड़े होने की पुष्टि हुई है।

शातिर तरीके से चल रहा था मिलावट का खेल

पुलिस के अनुसार, सदर कोतवाली इलाके के एक गुप्त ठिकाने पर अवैध रूप से नकली शराब तैयार की जा रही थी। छापेमारी के दौरान मौके से केमिकल, भारी मात्रा में शराब की खाली बोतलें, नामी कंपनियों के नकली रैपर और फर्जी बारकोड बरामद हुए हैं। आरोपी असली बोतलों में मिलावटी शराब भरकर उन पर फर्जी होलोग्राम लगाकर उन्हें बाजार में खपाने की तैयारी में थे। विशेष रूप से 450 एमएल की सैकड़ों भरी हुई बोतलें जब्त की गई हैं, जिन्हें पैक कर तस्करी के लिए तैयार रखा गया था।

दो गिरफ्तार, मुख्य सरगना की तलाश जारी

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जो इस काले कारोबार को अंजाम दे रहे थे। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही गिरोह के कुछ अन्य सदस्य और मुख्य मास्टरमाइंड भागने में सफल रहे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पकड़े गए आरोपियों ने कबूल किया है कि होली और अन्य त्योहारों के मद्देनजर इस नकली शराब की खेप को सड़क मार्ग से बिहार भेजने की योजना थी, जहाँ शराबबंदी के कारण इसकी ऊंची कीमतों पर बिक्री होनी थी।

प्रशासन की सख्त चेतावनी

सदर कोतवाली पुलिस और आबकारी टीम की इस बड़ी कामयाबी से शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि यह मिलावटी शराब न केवल राजस्व को चूना लगा रही थी, बल्कि लोगों की जान के साथ भी खिलवाड़ था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन से सफेदपोश लोग शामिल हैं। क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए जांच अभियान तेज कर दिया गया है।

 

 

Voice Of News 24