सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर जनपद में अवैध खनन के खिलाफ अभियान के दौरान रविवार शाम एक दुस्साहसिक वारदात सामने आई। सदर तहसील के उपजिलाधिकारी कल्याण सिंह मौर्या की सरकारी गाड़ी पर एक डंपर चालक ने वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद में अवैध खनन के खिलाफ अभियान के दौरान रविवार शाम एक दुस्साहसिक वारदात सामने आई। सदर तहसील के उपजिलाधिकारी कल्याण सिंह मौर्या की सरकारी गाड़ी पर एक डंपर चालक ने वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। इस हमले में एसडीएम और उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मी बाल-बाल बचे।

निरीक्षण के दौरान हुई घटना

घटना रविवार शाम करीब 5:30 बजे की है। एसडीएम सदर बर्डपुर क्षेत्र से निरीक्षण कर लौट रहे थे, तभी भदवल गांव के पास उन्हें मिट्टी से लदा एक संदिग्ध डंपर दिखा। जब एसडीएम ने जांच के लिए डंपर को रोकने का प्रयास किया, तो चालक वाहन लेकर भाग निकला। कुछ देर बाद वही डंपर दोबारा तेज रफ्तार में सामने से आता दिखा।

सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

आरोप है कि जब होमगार्ड के जवान ने डंपर रुकवाने का संकेत दिया, तो चालक ने डंपर को एसडीएम की सरकारी गाड़ी की ओर मोड़ दिया और उसे कुचलने की कोशिश की। एसडीएम के चालक ने तत्परता दिखाते हुए गाड़ी को तुरंत पीछे हटा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

5 किमी पीछा कर डंपर को किया सीज

वारदात के बाद एसडीएम की टीम ने हार नहीं मानी और डंपर का पीछा जारी रखा। करीब 5 किलोमीटर दूर जाकर डंपर एक ऊबड़-खाबड़ रास्ते पर फंस गया। एसडीएम की गाड़ी को पास आता देख चालक डंपर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

एसडीएम कल्याण सिंह मौर्या ने बताया कि डंपर को कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया है और उसे सदर थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया है। पुलिस ने फरार चालक के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और जानलेवा हमले के प्रयास की धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

Voice Of News24

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *