संतकबीरनगर: विधायक समर्थकों पर अपहरण और बेरहमी से पिटाई का आरोप, ईंट भट्ठे पर अमानवीय व्यवहार

संतकबीरनगर

संतकबीरनगर जनपद में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ सदर विधायक अंकुरराज तिवारी के समर्थकों पर एक व्यक्ति को अगवा कर उसकी बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगा है। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

संतकबीरनगर जनपद में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ सदर विधायक अंकुरराज तिवारी के समर्थकों पर एक व्यक्ति को अगवा कर उसकी बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगा है। पीड़ित ने विधायक के इशारे पर अमानवीय कृत्य करने का दावा किया है, जबकि विधायक ने इन आरोपों को अपनी छवि खराब करने की साजिश बताया है।

जमीनी विवाद और अपहरण की कहानी

पीड़ित चंद्रशेखर कन्नौजिया के अनुसार, वह पिछले 10 वर्षों से विधायक के साथ जुड़ा था। विवाद लखनऊ स्थित एक जमीन को लेकर शुरू हुआ, जो चंद्रशेखर के नाम पर खरीदी गई थी। आरोप है कि जब चंद्रशेखर ने जमीन विधायक के नाम बैनामा करने से पहले अपने पैसे और स्टांप ड्यूटी की मांग की, तो विवाद बढ़ गया। पीड़ित का दावा है कि 20 जनवरी को स्कार्पियो सवार लोगों ने उसका पीछा कर उसे जबरन उठाया और सहजनवां स्थित एक ईंट भट्ठे पर ले जाकर पीटा। आरोप यहाँ तक है कि हमलावरों ने उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया और घायल अवस्था में उसे हाईवे किनारे फेंक दिया।

जांच में जुटी पुलिस

अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच CO सदर अमित कुमार को सौंप दी गई है। दिलचस्प पहलू यह है कि जिस निजी अस्पताल में घायल को भर्ती कराया गया, वहां डॉक्टर विजय गुप्ता के अनुसार शुरुआत में इसे ‘एक्सीडेंट’ बताया गया था।

विधायक का पक्ष

विधायक अंकुरराज तिवारी ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उनके विरोधियों द्वारा उन्हें बदनाम करने के लिए यह झूठा नाटक रचा गया है। पुलिस फिलहाल मारपीट, दुर्घटना और जमीनी विवाद के सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रही है। एएसपी ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।है।

 

Voice Of News 24