बुलंदशहर: बेमौसम बारिश से मौसम हुआ सर्द, आलू-सरसों की फसल को नुकसान, गेहूं किसानों के चेहरे खिले

दानपुर

बुलंदशहर जनपद के दानपुर और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार सुबह से जारी मूसलाधार बारिश और तेज ठंडी हवाओं ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के दानपुर और आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह से जारी मूसलाधार बारिश और तेज ठंडी हवाओं ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। बेमौसम हुई इस बारिश ने जहाँ आम जनजीवन को प्रभावित किया है, वहीं किसानों के लिए यह ‘कहीं खुशी, कहीं गम’ वाली स्थिति लेकर आई है।

बढ़ी ठिठुरन, जनजीवन प्रभावित शुक्रवार सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे और तेज हवाओं के साथ बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। इसके चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है और क्षेत्र में ठिठुरन बढ़ गई है। लोग एक बार फिर गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए और ठंड के कारण बाजारों में भी आवाजाही कम रही।

आलू और सरसों के किसानों की बढ़ी चिंता इस बारिश ने नकदी फसलों को भारी चोट पहुँचाई है। स्थानीय किसान राजेश, हरकेश, डिप्टी और कालू ने बताया कि सरसों की खड़ी फसल तेज हवा और बारिश के कारण खेतों में बिछ गई है, जिससे दाने खराब होने की आशंका है। वहीं, जिन किसानों ने आलू की खुदाई कर ली थी। उनके सामने फसल को बचाने का संकट खड़ा हो गया है। आलू के खेतों में जलभराव होने से फसल सड़ने का डर भी बढ़ गया है।

गेहूं के लिए अमृत है यह बारिश एक ओर जहाँ आलू-सरसों के किसान परेशान हैं वहीं गेहूं की फसल के लिए यह बारिश अमृत समान मानी जा रही है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि वर्तमान समय में हो रही बारिश और ठंड गेहूं की बढ़वार के लिए बेहद लाभकारी है, जिससे आगामी सीजन में पैदावार बढ़ने की पूरी उम्मीद है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ घंटों तक मौसम का रुख ऐसा ही बना रह सकता है।

 

Voice Of News 24