महराजगंज
महराजगंज जनपद में ज्ञान, कला और वाणी की अधिष्ठात्री देवी माँ सरस्वती का पूजनोत्सव शुक्रवार को पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद में ज्ञान, कला और वाणी की अधिष्ठात्री देवी माँ सरस्वती का पूजनोत्सव शुक्रवार को पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। शहर के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में वैदिक मंत्रोच्चार और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच विद्या की देवी की आराधना की गई।
जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज में अनुष्ठान
जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज में परिसर स्थित माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष भव्य पूजन कार्यक्रम आयोजित हुआ। प्राचार्य डॉ. अजय कुमार मिश्र और संस्कृत विभाग के सहायक आचार्य डॉ. मृत्युंजय तिवारी ने पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न कराया। इस अवसर पर डॉ. नंदिता मिश्र, डॉ. ज्योत्सना मिश्रा, डॉ. शांतिशरण मिश्र, श्रवण पटेल और राजीव द्विवेदी सहित भारी संख्या में शिक्षक, छात्र और कर्मचारी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने माँ सरस्वती के स्वरूप को ज्ञान और अज्ञानता के अंधकार को मिटाने वाला बताया।
केरला पब्लिक स्कूल में बच्चों ने बिखेरी सांस्कृतिक छटा
उधर, आजाद नगर स्थित केरला पब्लिक स्कूल में भी बसंत पंचमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। यहाँ मुख्य अतिथि के रूप में सामाजिक संस्था सिटीजन फोरम के सचिव डॉ. शांति शरण मिश्र उपस्थित रहे। डॉ. मिश्र ने अपने संबोधन में माँ सरस्वती के जीवन दर्शन से उदाहरण देते हुए छात्र-छात्राओं को सभ्यता, संस्कार और विवेकपूर्ण जीवन जीने की शिक्षा दी।
समारोह में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम और सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। इस दौरान विद्यालय के प्रबंधक फ़ैज़ अहमद, प्रधानाचार्य रत्नाकर शर्मा, कंचन गुप्ता, सरिता गुप्ता और रंजना श्रीवास्तव सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में सभी को प्रसाद वितरित कर सुख-समृद्धि की कामना की गई।
हिम्मतगढ़ी: बसंत पंचमी पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रखी गई होली, सुख-समृद्धि की कामनाhttps://t.co/XcXWzyQ9vK
— Voice of News 24 (@VOfnews24) January 23, 2026




















