भारत और न्यूजीलैंड रोमांचक वनडे सीरीज जंग से पहले महाकाल की शरण में टीम इंडिया, विराट-कुलदीप ने की भस्म आरती, जीत के लिए मांगा आशीर्वाद

स्पोर्ट्स डेस्क

भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी रोमांचक वनडे सीरीज अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। रविवार को इंदौर में होने वाले ‘करो या मरो’ के मुकाबले से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी और कोच भक्ति के रंग में रंगे नजर आए।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी रोमांचक वनडे सीरीज अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। रविवार को इंदौर में होने वाले ‘करो या मरो’ के मुकाबले से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी और कोच भक्ति के रंग में रंगे नजर आए। शनिवार सुबह दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और स्पिनर कुलदीप यादव ने विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया।

भस्म आरती में लीन हुए विराट-कुलदीप

शनिवार तड़के होने वाली बाबा महाकाल की विशेष भस्म आरती में विराट कोहली और कुलदीप यादव शामिल हुए। दोनों खिलाड़ियों ने करीब दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर भगवान शिव की आराधना की। पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए विराट और कुलदीप ने विधिवत पूजन किया और आगामी मैचों में टीम की सफलता की कामना की। इस दौरान फील्डिंग कोच टी दिलीप भी उनके साथ मौजूद रहे।

कोच गौतम गंभीर ने भी टेका मत्था

सिर्फ खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि भारतीय टीम का कोचिंग स्टाफ भी महाकाल के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचा। मुख्य कोच गौतम गंभीर और बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने अपने साथियों के साथ मंदिर पहुंचकर दर्शन किए। इंदौर के होल्कर स्टेडियम में होने वाले फाइनल मैच से पहले पूरी टीम मानसिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा बटोरती दिखी।

कुलदीप यादव का बड़ा बयान: “महाकाल की कृपा से जीतेंगे वर्ल्ड कप”
दर्शन के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए कुलदीप यादव ने अपने अनुभव साझा किए। कुलदीप ने कहा महाकाल के दर्शन कर बहुत सुकून मिला। हमारी पूरी टीम यहां आई है। अगर बाबा की कृपा रही, तो हम आगामी टी20 वर्ल्ड कप में भी शानदार प्रदर्शन करेंगे।

कुलदीप ने कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली की तारीफ करते हुए उन्हें खेल का ‘लीजेंड’ बताया और कहा कि टीम के सीनियर खिलाड़ियों के साथ रहने से युवाओं को जबरदस्त एनर्जी मिलती है।

इंदौर में होगी खिताबी भिड़ंत

भारत और न्यूजीलैंड के बीच 3 मैचों की यह वनडे सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 18 जनवरी को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच तय करेगा कि ट्रॉफी किसके नाम होगी। भारतीय टीम इंदौर पहुंच चुकी है और रविवार को मैदान पर न्यूजीलैंड को पटखनी देने के इरादे से उतरेगी।

 

Voice Of News 24