सिद्धार्थनगर:नहाय-खाय के साथ से छठ महापर्व का आगाज़, घाटों पर युद्धस्तर पर जारी है तैयारी

सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर में सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शनिवार से नहाय-खाय की परंपरा के साथ शुरू हो जाएगा।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

सिद्धार्थनगर में सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शनिवार से नहाय-खाय की परंपरा के साथ शुरू हो जाएगा। 28 अक्तूबर तक चलने वाले इस महाव्रत को लेकर जिले में आस्था और उत्साह का माहौल है। व्रतधारी महिलाएं 27 अक्तूबर को डूबते हुए सूर्य को और 28 अक्तूबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर अपनी उपासना पूरी करेंगी।

11 नगर निकायों में सजाए जा रहे हैं घाट

पर्व की महत्ता को देखते हुए जिले की सभी 11 नगर पालिका और नगर पंचायतें घाटों को व्यवस्थित करने में पूरी ताकत से जुटी हुई हैं। नदी के तटों पर स्थित घाटों की साफ-सफाई के साथ ही उन्हें आकर्षक रूप दिया जा रहा है। घाटों को रंग-बिरंगी डिजिटल लाइटों से सजाने का काम शुरू हो गया है, जिससे शाम होते ही यहाँ का माहौल जगमगा उठेगा।

बेदी बनाने में जुटी हैं व्रती महिलाएं

छठ पर्व के लिए बेदी (पूजा स्थल) का विशेष महत्व होता है। व्रत रखने वाली महिलाएं अपने परिवार और बच्चों के साथ मिलकर बेदी को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। इन्हें आकर्षक रंगों से रंगा जा रहा है और आसपास के क्षेत्र की सफाई की जा रही है।

जमुआर घाट पर विशेष सफाई अभियान

नगर के प्रमुख घाटों में से एक जमुआर घाट पर नगर प्रशासन ने विशेष ध्यान दिया है। यहाँ विसर्जित प्रतिमाओं के अवशेष और अन्य गंदगी को युद्धस्तर पर हटाया गया। घाटों पर रंग-रोगन का कार्य भी तेजी से चल रहा है। बृहस्पतिवार को जिले के सभी नगर पालिका और नगर पंचायतों में तैयारियों की समीक्षा की गई, जहाँ सभी जगह कार्य जारी रहने की पुष्टि हुई।

भजन गायकों ने कसी कमर

महापर्व की आस्था को और अटूट बनाने के लिए भजन गायक भी पूरी तरह तैयार हैं। छठ गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय होने वाला है, जो छठव्रतियों और श्रद्धालुओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा।

 

Voice Of News 24