सिद्धार्थनगर
सिद्धार्थनगर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर जनपद मुख्यालय पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

सिद्धार्थनगर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर जनपद मुख्यालय पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कलेक्ट्रेट भवन पर जिलाधिकारी (DM) डॉ. राजा गणपति आर. ने सुबह 9 बजे ध्वजारोहण किया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी गौरव श्रीवास्तव, उपजिलाधिकारी शशांक शेखर राय, जिला आबकारी अधिकारी वीर अभिमन्यु कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
सभागार में दी गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि

ध्वजारोहण के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में दोनों महान विभूतियों के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। रघुवर प्रसाद जायसवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के बच्चों ने राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को और भावपूर्ण बना दिया।
DM ने कहा- योजनाओं का लाभ ही असली स्वतंत्रता
जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने अपने संबोधन में कहा कि गांधीजी ने सत्य और अहिंसा को जीवन का आधार बनाकर विश्व को बिना हिंसा के स्वतंत्रता प्राप्त करने का संदेश दिया। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री ने हरित क्रांति और श्वेत क्रांति की नींव रखकर देश के विकास को नई दिशा दी।
उन्होंने कहा कि ‘जय जवान जय किसान’ का नारा आज भी प्रासंगिक है। DM ने अधिकारियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं को धरातल पर उतारें और टीम भावना से कार्य करें, ताकि आकांक्षी जनपद सिद्धार्थनगर अग्रणी जिलों की श्रेणी में आ सके।
अस्पताल में मरीजों को बांटे गए फल

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एके झा के साथ जिला अस्पताल का भ्रमण किया। उन्होंने वहां भर्ती मरीजों को फल वितरित किए और उनके स्वास्थ्य का हालचाल जाना। DM ने अस्पताल प्रशासन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।





















