महराजगंज
महराजगंज जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र में देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना कोठीभार और लोहेपार के बीच स्कूटी और एक तेज रफ्तार बाइक की आमने-सामने की टक्कर के कारण हुई।

दुर्गा पूजा मेला देखकर लौट रहा था मृतक
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, लोहेपार निवासी मंटू पसारी (22) अपने मित्र मुलायम के साथ स्कूटी से सिसवा में दुर्गा पूजा का मेला देखकर अपने घर लौट रहे थे। तभी विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों वाहन सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गए।
इस हादसे में स्कूटी सवार मंटू और बाइक चालक दीपलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत सभी घायलों को सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। दुर्भाग्यवश, अस्पताल पहुंचने से पहले ही मंटू ने दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल दीपलाल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जबकि मंटू का मित्र मुलायम भी घायल हुआ है।
पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
हादसे की सूचना मिलने पर कोठीभार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मंटू के शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। कोठीभार थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बुधवार को बताया कि मृतक के पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने के बाद आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
#अतीक के बेटे ने लगाई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद की गुहार pic.twitter.com/pXYNIrtOW2
— Voice of News 24 (@VOfnews24) October 1, 2025





















