सिद्धार्थनगर:मामूली विवाद में अधेड़ की मौत,मृतक के बेटे की तहरीर पर 8 पर केस दर्ज

सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर के खेसरहा थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने एक अधेड़ व्यक्ति की जान ले ली।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

सिद्धार्थनगर के खेसरहा थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने एक अधेड़ व्यक्ति की जान ले ली शुक्रवार को छितौनी गांव में ट्रैक्टर से कीचड़ उछलने को लेकर हुए झगड़े में शेषमन शर्मा (50) को बेरहमी से पीटा गया जिसकी बाद में मौत हो गई. पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर आठ लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है और तीन को हिरासत में लिया है।

ट्रैक्टर से कीचड़ उछलने पर शुरू हुआ विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह शेषमन शर्मा के घर के सामने से गुजर रहे सुभाष पांडेय ने अपने ट्रैक्टर को कीचड़ भरे रास्ते में लापरवाही से दौड़ाया. जब शेषमन ने इसका विरोध किया, तो सुभाष और उसके बेटों व अन्य साथियों ने मिलकर शेषमन पर हमला कर दिया. इस दौरान उन्हें गंभीर चोटें आईं और वे मौके पर ही बेहोश हो गए।

इलाज के दौरान हुई मौत

परिजन शेषमन को तुरंत एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन वहाँ इलाज न मिलने पर उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया. वहाँ से उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, पर रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

घटना से गुस्साए परिजनों ने शव को वापस गांव लाकर बांसी-धानी मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की. सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

लापरवाही पर 3 पुलिसकर्मी लाइनहाजिर

इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में एसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने चौकी प्रभारी सकारपार नंदलाल यादव, उपनिरीक्षक संजय कुमार तिवारी और आरक्षी अखिलेश सिंह को लाइनहाजिर कर दिया है. थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्रा ने बताया कि आठ आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और तीन लोगों से पूछताछ की जा रही है।

 

Voice Of News 24