जीएसटी सुधार से आम जनता को बड़ी राहत ,केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी

महराजगंज

केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने आज शुक्रवार को धनेवा स्थित अपने आवास पर एक प्रेस वार्ता में जीएसटी सुधारों की जानकारी दी। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने आज शुक्रवार को धनेवा स्थित अपने आवास पर एक प्रेस वार्ता में जीएसटी सुधारों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लिए गए ये फैसले महंगाई को नियंत्रित करने और आम उपभोक्ताओं को राहत देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम हैं।

रोज़मर्रा की वस्तुएं हुईं सस्ती

 

पंकज चौधरी ने बताया कि दूध, पनीर, रोटी और 33 जीवनरक्षक दवाओं को जीएसटी से पूरी तरह मुक्त कर दिया गया है. इसके साथ ही, साबुन, शैंपू, टूथपेस्ट, टूथब्रश, साइकिल, नमकीन, कॉफी और पास्ता जैसी रोज़मर्रा की चीज़ों पर लगने वाले जीएसटी को 12-18% से घटाकर 5% कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि आटा, दाल, चावल, गुड़, सब्जी और दूध जैसे ज़रूरी खाद्य पदार्थ भी जीएसटी मुक्त रहेंगे, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग को बड़ी राहत मिलेगी।

विलासिता और हानिकारक वस्तुओं पर बढ़ी दरें

मंत्री ने कहा कि गुटखा, पान मसाला, तंबाकू उत्पाद, बड़ी गाड़ियां और 350 सीसी से ज़्यादा की मोटरसाइकिलों पर जीएसटी बढ़ाकर 40% कर दिया गया है. इस कदम से हानिकारक और विलासिता की वस्तुएं महंगी होंगी, जबकि ज़रूरतमंदों के लिए आवश्यक सामान सस्ते होंगे।

स्वास्थ्य, शिक्षा और होटल सेक्टर को लाभ

प्रेस वार्ता में यह भी बताया गया कि सामान्य जांच, ब्लड टेस्ट, एमआरआई और एक्स-रे जैसी स्वास्थ्य सेवाओं को जीएसटी से हटा दिया गया है. इसी तरह, शिक्षा के क्षेत्र में किताबें, कॉपियां, पेन और पेंसिल भी जीएसटी मुक्त रहेंगे।

होटल सेक्टर को भी बड़ी राहत दी गई है. 1000 रुपये प्रतिदिन तक के होटल रूम पर जीएसटी अब पूरी तरह समाप्त हो गया है. 7000 रुपये तक के कमरों पर भी जीएसटी 18% से घटाकर 5% कर दिया गया है. इससे पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

किसान और छोटे व्यापारी भी हुए लाभान्वित

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि किसानों और छोटे व्यापारियों का भी खास ध्यान रखा गया है. खाद, कीटनाशक और कृषि उपकरणों पर जीएसटी घटाकर 5% कर दिया गया है, जिससे खेती की लागत कम होगी और किसानों की आय बढ़ेगी।

पंकज चौधरी ने यह स्पष्ट किया कि जीएसटी सुधारों का उद्देश्य केवल राजस्व संग्रह नहीं है, बल्कि महंगाई पर लगाम लगाना, उपभोक्ताओं को राहत देना और देश की अर्थव्यवस्था को मज़बूती प्रदान करना है, ताकि 2047 तक भारत एक विकसित राष्ट्र बन सके. इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह और सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया भी मौजूद थे।

 

Voice Of News 24

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.