बलरामपुर: शत्रुघ्न द्विवेदी चर्चित हत्याकांड का खुलासा, मुख्य आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

बलरामपुर

बलरामपुर जनपद पुलिस ने दीपौवा बाग में हुए शत्रुघ्न द्विवेदी हत्याकांड का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी साजन तिवारी उर्फ रघुवंश तिवारी को सोमवार रात एक मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बलरामपुर जनपद पुलिस ने दीपौवा बाग में हुए शत्रुघ्न द्विवेदी हत्याकांड का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी साजन तिवारी उर्फ रघुवंश तिवारी को सोमवार रात एक मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक ने इस मामले में साजन तिवारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

 

जानकारी के अनुसार यह घटना 24 अप्रैल की सुबह दीपौवा बाग इलाके में हुई थी, जब शत्रुघ्न द्विवेदी का शव बरामद हुआ था। मृतक के भाई मुन्ना पंडित ने बताया था कि शत्रुघ्न की गोली मारकर हत्या की गई थी। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों – राघवेंद्र तिवारी उर्फ दद्दू, मोहित वर्मा उर्फ काका और साजन तिवारी की पहचान की थी।

पुलिस की पूछताछ में राघवेंद्र तिवारी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि 22-23 अप्रैल की रात उसकी बहन को विवेक तिवारी भगाकर ले गया था। इस घटना से नाराज होकर वह अपने साथियों के साथ विवेक की तलाश में निकला था। जब उन्हें विवेक नहीं मिला, तो उन्होंने उसके चचेरे भाई शत्रुघ्न द्विवेदी को निशाना बनाया। उन्होंने शत्रुघ्न को घर से बुलाया और दीपौवा बाग में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।

अपर पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार ने बताया कि साजन तिवारी अपने परिवार के साथ भागने की फिराक में था। सुवाव नाला के पास पुलिस ने उसे घेर लिया। आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जेल भेजा जा रहा है।

Voice Of News 24