अयोध्या: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में राम नवमी और विकास कार्यों की समीक्षा बैठक

अयोध्या

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में अयोध्या मण्डल के विकास कार्यों और श्रीराम नवमी/श्री राम जन्मोत्सव की तैयारियों को लेकर आयुक्त सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में अयोध्या मण्डल के विकास कार्यों और श्रीराम नवमी/श्री राम जन्मोत्सव की तैयारियों को लेकर आयुक्त सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्यमंत्री ने अयोध्या के धार्मिक स्थलों, साफ-सफाई, जनसुविधाओं और कानून व्यवस्था की तैयारियों पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने आगामी 30 मार्च 2025 से शुरू होने जा रहे नवरात्रि के मद्देनजर सभी प्रमुख देवी मंदिरों और धार्मिक स्थलों की सफाई और जनसुविधाओं की व्यवस्था करने की दिशा में निर्देश दिए। उन्होंने महाकुंभ 2025 के दौरान अयोध्या में प्रशासनिक और पुलिस टीम द्वारा किए गए नवाचारों की सराहना की और श्रीराम नवमी मेले की तैयारियों को उन्हीं अनुभवों के आधार पर तैयार करने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से श्रद्धालुओं के लिए गर्मी के मौसम को देखते हुए शीतल पेयजल, साफ-सफाई, शेड (कैनोपी) और चटाई की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने रामलला दर्शन और श्री हनुमानगढ़ी के दर्शन मार्ग पर छाया की व्यवस्था करने की बात कही और ई-बसों के जरिए श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचाने का सुझाव दिया।

इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने अयोध्या में पीए सिस्टम के माध्यम से राम धुन/भक्तिमय गीत प्रसारित करने का निर्देश दिया ताकि श्रद्धालुओं को प्रवेश करते ही आनंद की अनुभूति हो। उन्होंने यह भी कहा कि सभी होटल, धर्मशाला और होम स्टे में निर्धारित रेट लिस्ट के अनुसार ही भुगतान सुनिश्चित किया जाए और पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं से मित्रवत व्यवहार करने की सलाह दी।

मुख्यमंत्री ने अयोध्या में राज्य सरकार और केंद्र सरकार की योजनाओं को लेकर 25, 26 और 27 मार्च 2025 को जनपदों में समारोह आयोजित करने के निर्देश दिए, जिसमें सरकार की 8 वर्ष की अभूतपूर्व उपलब्धियों और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही, कृषि, महिला सशक्तिकरण, अवसंरचना विकास, रोजगार, हस्तशिल्प, और समाज कल्याण पर आधारित विचार गोष्ठियां और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।

विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन के कार्यों की गुणवत्ता पर ध्यान देने की बात की और पाइपलाइन डालने के बाद सड़कों को तुरंत मरम्मत करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने मंडल के सभी तहसील मुख्यालयों पर फायर टेंडर की व्यवस्था करने की बात कही ताकि गर्मी के मौसम में किसी भी प्रकार की आकस्मिक स्थिति से निपटा जा सके।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने का भी निर्देश दिया। साथ ही, सभी अधिकारी जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याओं का तत्परता से निस्तारण करने का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने रामकथा पार्क, हनुमानगढ़ी, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का दौरा किया और राम मंदिर निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने अयोध्या में आयोजित टाइमलेस अयोध्या साहित्य एवं आर्ट फेस्टिवल का शुभारंभ किया और प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

इस बैठक में प्रभारी मंत्री, कृषि मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही, एमएसएमई मंत्री श्री राकेश सचान, महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, और अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

This error message is only visible to WordPress admins

Error 403: The request cannot be completed because you have exceeded your quota..

Domain code: youtube.quota
Reason code: quotaExceeded

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.