महाराजगंज: तहसील दिवस का आयोजन में जिलाधिकारी ने सुनी फरियादें ,कई समस्याओं का किया तत्काल समाधान

Voice Of News 24 
07 Dec 2024 22:36 PM

महाराजगंज

शनिवार को महाराजगंज जिले के नौतनवा तहसील परिसर में जिला स्तरीय तहसील दिवस का आयोजन किया गया,पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

शनिवार को महाराजगंज जिले के नौतनवा तहसील परिसर में जिला स्तरीय तहसील दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें जिलाधिकारी अनुनय झा ने फरियादियों की समस्याओं को सुना और कई मामलों का समाधान भी किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जनहित में गंभीरता से कार्य करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी अनुनय झा ने बताया कि इस तहसील दिवस में सभी प्रमुख विभागों के विभागाध्यक्ष, ब्लॉक के अधिकारी, नगर निकायों के अधिकारी और पुलिस विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे। इस दौरान कुल 70 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें अधिकांश शिकायतें अवैध कब्जों और बैनामे से संबंधित थीं। इन मामलों की जांच की गई और चौहद्दी से जुड़े मामलों पर भी सुनवाई की गई।

इसके अतिरिक्त, बिजली विभाग से संबंधित मामलों की भी सुनवाई हुई। जिलाधिकारी ने बिजली विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए, ताकि विद्युत आपूर्ति में सुधार हो सके और लोगों को राहत मिल सके।

यह तहसील दिवस जनसमस्याओं के समाधान के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ, जिससे जनता में प्रशासन के प्रति विश्वास और पारदर्शिता बढ़ी।

 

Voice Of News 24