Voice of news 24
25 Jul 2023 20:43PM
ललित कुमार उपाध्याय अगले महीने चेन्नई में होने वाली एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के लिए 18 सदस्यीय भारतीय पुरुष हॉकी टीम से बाहर किए गए अग्रिम पंक्ति के पांच खिलाड़ियों में से एक हैं। ललित के अलावा, अभिषेक, पवन, दिलप्रीत सिंह और सिमरनजीत सिंह को टीम में जगह नहीं दी गयी है। ये पांचों खिलाड़ी इस समय ‘स्पेनिश हॉकी फेडरेशन-इंटरनेशनल टूर्नामेंट’ की 100वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम के साथ स्पेन में है।

एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन तीन से 12 अगस्त तक चेन्नई के मेयर राधाकृष्णन स्टेडियम में होगा। शीर्ष ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह टीम का नेतृत्व करना जारी रखेंगे जबकि मिडफील्डर हार्दिक सिंह टीम के उपकप्तान होंगे। प्रो लीग के यूरोपीय चरण के दौरान डिफेंडर के रूप में टीम को अपनी सेवाएं देने वाले मनप्रीत सिंह मिडफील्ड में वापसी करेंगे। टूर्नामेंट के पूल चरण में भारत का सामना कोरिया, मलेशिया, पाकिस्तान, जापान और चीन से होगा।
टीम:
गोलकीपर: पीआर श्रीजेश, कृष्ण बहादुर पाठक।
डिफेंडर: जर्मनप्रीत सिंह, सुमित, जुगराज सिंह, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), वरुण कुमार, अमित रोहिदास मिडफील्डर: हार्दिक सिंह (उप-कप्तान), विवेक सागर प्रसाद, मनप्रीत सिंह, नीलकंठ शर्मा, शमशेर सिंह।
फॉरवर्ड: आकाशदीप सिंह, मनदीप सिंह, गुरजंत सिंह, सुखजीत सिंह, एस कार्थी।























