जबलपुर में उफनती नर्मदा नदी में चट्टान पर फंसे चार लोगों को 13 घंटे के अभियान के बाद बचाया गया

Voice of news 24

10 Jul 2023 12:37PM

जबलपुर

जबलपुर के मार्बल रॉक के लिए प्रसिद्ध नर्मदा नदी के जलप्रपात भेड़ाघाट धुआंधार और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही बारिश के कारण जल स्तर बढ़ने से कई छोटे टापू पानी में डूब गए हैं. रविवार को बहुत से लोग विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल भेड़ाघाट में पिकनिक मनाने के लिए गए और अचानक पानी बढ़ जाने से कुछ लोग छोटे-छोटे टापुओं पर फंस गए. धुआंधार और लम्हेटा घाट घूमने आए सात युवक अचानक नर्मदा का जल स्तर बढ़ जाने से फंस गए. भेड़ाघाट में फंसे तीन युवकों का रेस्क्यू कर लिया गया है.

जानकारी के मुताबिक गोपालपुर-लम्हेटा क्षेत्र में फंसे युवकों को निकालने में काफी मेहनत करनी पड़ रही है. अंधेरा हो जाने से भी रेस्क्यू ऑपरेशन में मुश्किल आ रही है. पानी लगातार गिरने से नर्मदा में जलस्तर भी बढ़ता जा रहा है. नदी का बहाव इतना तेज है कि रेस्क्यू के लिए गई एक नाव भी पलटते-पलटते बची. ड्रोन के माध्यम से युवकों को रस्सी और लाइफ जैकेट भेजी गई हैं ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति और पानी के अत्यधिक बढ़ जाने के बाद भी युवक लाइफ जैकेट के सहारे अपना जीवन बचा सकें.

भेड़ाघाट थाना प्रभारी सफीक खान ने बताया कि रात होने से अंधेरा है, लिहाजा रेस्क्यू में कई दिक्कतें आ रही हैं. फिर भी युद्ध स्तर पर प्रयास जारी हैं. घटनास्थल पर कलेक्टर एसपी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंच गए हैं.